उत्तराखण्डकुमाऊं,

निर्माणाधीन तालाब बना मौत का गड्ढा: नानकमत्ता में 8 वर्षीय मासूम की डूबने से मौत, महिलाओं ने बचाने को लगाई जान की बाजी

ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में रविवार दोपहर दर्दनाक हादसे में एक आठ वर्षीय मासूम की निर्माणाधीन तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि बच्चे को बचाने के प्रयास में कई महिलाएं भी गहरे पानी में डूबने से बाल-बाल बचीं। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने तालाब निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।

 

जानकारी के अनुसार, नानकमत्ता वार्ड नंबर छह दहला रोड निवासी विजय पाल का आठ वर्षीय पुत्र देव कुमार अपने दोस्तों के साथ घर के पास नगर पंचायत द्वारा बनाए जा रहे तालाब के पास खेलने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में उतर गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चे घबरा गए और घर की ओर भाग गए, लेकिन काफी देर तक किसी को घटना की जानकारी नहीं दी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ भालू ने बुजुर्ग पर किया हमला, एक आंख निकली बाहर, हेली एंबुलेंस से भेजा एम्स

 

परिजनों ने जब बच्चों से सख्ती से पूछा तब हादसे का पता चला। सूचना मिलते ही देव की मां समेत कई महिलाएं मौके पर पहुंचीं और बच्चे को बचाने के लिए तालाब में उतर गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तालाब में पानी काफी गहरा था, जिससे महिलाएं भी डूबने से बमुश्किल बच सकीं।

 

काफी मशक्कत के बाद देव को तालाब से बाहर निकाला गया और तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता विजय पाल ने बताया कि उनके तीन पुत्र हैं और देव सबसे छोटा था। वह तपेड़ा प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- धर्म की आड़ में ठगी नहीं चलेगी: नैनीताल पुलिस का 'ऑपरेशन कालनेमि', 24 फर्जी बाबा चिन्हित, 9 के खिलाफ कार्यवाही

 

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

 

 

ग्रामीणों ने नगर पंचायत पर लगाए गंभीर आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों ने नगर पंचायत और निर्माण एजेंसी पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तपेड़ा गांव के लोगों ने पहले ही प्रार्थना पत्र देकर तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का विरोध किया था और तालाब की गहराई कम करने की मांग भी उठाई थी, लेकिन उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया।

 

स्थानीय निवासी और कांग्रेस अनुसूचित जनजाति उत्तराखंड के प्रदेश सचिव हरिओम राणा ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर छह में तालाब सौंदर्यीकरण की कोई विशेष आवश्यकता नहीं थी और सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में फिर गैंगवार, छात्र के सिर पर पत्थर मारकर किया लहूलुहान, सभी आरोपित फरार, वीडियो

 

नगर पंचायत ने जताया दुख
नगर पंचायत की ओर से बताया गया कि वार्ड नंबर छह में रजत जयंती पार्क निर्माण कार्य चल रहा है। बच्चे की मृत्यु बेहद दुखद है और नगर पंचायत इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। अधिकारियों के अनुसार हाल ही में हुई बारिश के बाद तालाब से पानी निकाला गया था। संबंधित अधिकारी फिलहाल क्षेत्र से बाहर हैं और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद ही पूरे मामले में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।