उत्तराखण्डगढ़वाल,

युवक को बीच-बचाव करना पड़ा भारी: देहरादून में युवक के गले पर कांच की बोतल से वार, हालत नाजुक

देहरादून न्यूज़– पटेलनगर क्षेत्र में रविवार रात एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक पर कांच की टूटी बोतल से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

 

जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे चमन विहार स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता में 50 हजार रुपये जीतने का मौका

 

इसी दौरान हिमांशु अरोड़ा अपने एक दोस्त से मिलने वहां पहुंचा था। उसने देखा कि उसके दोस्तों के साथ कुछ युवक मारपीट कर रहे हैं। हालात को काबू में करने और दोस्तों को बचाने के लिए वह बीच-बचाव करने लगा।

 

लेकिन इसी कोशिश में वह खुद हमलावरों के निशाने पर आ गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसे घेर लिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक ने कांच की बोतल तोड़कर उसे हथियार की तरह इस्तेमाल किया और हिमांशु के गले पर वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि उसके गले पर गहरा कट लग गया और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- उत्तराखंड के नौ जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, देखें IMD का लेटेस्ट अपडेट

 

घटना के बाद उसके दोस्तों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सर्जरी की। परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद भी पिछले 15 घंटों से उसे होश नहीं आया है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

 

इस मामले में घायल के भाई दीपांशु अरोड़ा की शिकायत पर थाना पटेलनगर में 20 अप्रैल 2026 को एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत चार नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी-(अच्छी खबर) स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने सुशीला तिवारी अस्पताल में MRI मशीन किया लोकार्पण।

 

एफआईआर में मानव, आयुष, हिमांशु और ओम सिंह को आरोपी बनाया गया है, जबकि कुछ अन्य अज्ञात लोगों की भी संलिप्तता बताई गई है। सभी आरोपी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

 

पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह को सौंपी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।