लालकुआं में दर्दनाक हादसा, पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। वीआईपी गेट स्थित रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय करीब 25 वर्षीय युवक कासगंज पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, युवक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान लालकुआं से कासगंज की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंच गई। युवक ट्रेन की चपेट में आ गया और गंभीर हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया। पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जीआरपी थाना प्रभारी के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रयास कर रही है। पहचान होने के बाद ही युवक के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।








