नैनीताल में दर्दनाक हादसा: बस ओवरटेक करते समय बाइक सवार बिन्दुखत्ता निवासी युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
मृतक की पहचान लालकुआं के रावत नगर निवासी 35 वर्षीय पुष्कर सिंह कार्की पुत्र दीवान सिंह कार्की के रूप में हुई है। वह रामनगर से हल्द्वानी की ओर जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, कमोला स्थित गुरुणी नाले के पास पुष्कर ने आगे चल रही बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे बस के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसे संभलने का कोई मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत कालाढूंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टर कुलदीप सिंह के मुताबिक युवक को सुबह करीब 8 बजे लाया गया था, लेकिन जांच में उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी।
एसआई तनवीर आलम ने बताया कि मृतक मार्चुला क्षेत्र में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करता था और काम खत्म कर घर लौट रहा था। पुष्कर अपने परिवार का इकलौता सहारा था और उसके कंधों पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। उसके पीछे एक छोटा बच्चा भी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।








