हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, बाइक चालक गंभीर घायल

हल्द्वानी-लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हल्दूचौड़ पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार और बेकाबू बाइक ने सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
मृतक की पहचान 65 वर्षीय रमेश सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रमेश सिंह रोज़ की तरह अपनी दुकान बंद कर दुकान के सामने स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह हाईवे पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, परिजनों और पुलिस की मदद से घायल बुजुर्ग को सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।








