कोसी नदी में नहाते समय दो युवकों की डूबने से मौत, बीएसएफ अभ्यर्थी और आईटीआई छात्र की गई जान

रामनगर न्यूज- कोसी नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाकर दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार ग्राम हिम्मतपुर ब्लाक निवासी अंकित पुत्र प्रेम सिंह और मयंक पुत्र भारत सिंह सोमवार को अपने दोस्तों आशीष और रणजीत के साथ ट्रांसपोर्टनगर के समीप कोसी नदी में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए और अचानक डूबने लगे।
साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और नदी में सर्च अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि अंकित हाल ही में बीएसएफ की शारीरिक परीक्षा पास कर चुका था और भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की तैयारी कर रहा था। वहीं मयंक कालाढुंगी स्थित आईटीआई में प्रथम वर्ष का छात्र था। दोनों युवकों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदों पर इस हादसे ने विराम लगा दिया।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग नदी में नहाने के दौरान सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।








