उत्तराखंड- यहाँ 23 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के व्यस्ततम पलटन बाजार में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मछली बाजार कोतवाली क्षेत्र में 23 वर्षीय युवती की गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद बाजार में दहशत फैल गई और आक्रोशित व्यापारियों ने विरोध में बाजार बंद करा दिया।
मृतक युवती की पहचान गुंजन के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती घर से निकलकर बाजार पहुंची ही थी कि इसी दौरान एक युवक से बातचीत के समय उस पर अचानक हमला कर दिया गया। आरोपी ने धारदार हथियार चापड़ से गला रेतकर युवती की मौके पर ही हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
आरोपी आकाश कुमार गिरफ्तार, चापड़ बरामद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले मछली बाजार स्थित एक दुकान में काम करता था और मृतक युवती गुंजन से उसकी पहले से पहचान थी। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। आरोपी और युवती के बीच बीते दो वर्षों से दोस्ती और प्रेम संबंध थे। दोनों के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
31 जनवरी को युवती ने की थी शिकायत, जान से मारने की धमकी का आरोप
जानकारी के मुताबिक, मृतक युवती ने 31 जनवरी को आरोपी आकाश कुमार के खिलाफ पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने शिकायत में आशंका जताई थी कि आरोपी उस पर हमला कर सकता है। इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी युवती को जान से मारने की धमकी दे चुका था। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
एसएसपी अजय सिंह बोले— तीन दिन से घर नहीं आया था आरोपी
देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि वारदात बुधवार सुबह करीब 10 बजे हुई। युवती पलटन बाजार में काम करती थी और सुबह स्कूटी से बाजार आई थी। इसी दौरान आरोपी आकाश वहां पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया।
एसएसपी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम दो से तीन बार आरोपी के घर भी गई थी, जहां उसकी पत्नी ने बताया कि आकाश पिछले तीन दिनों से घर नहीं आया है और उसका फोन भी बंद है। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।








