उत्तराखंड- यहाँ कम दहेज पर विवाहिता को जलाने की कोशिश, तीन तलाक देकर घर से निकाला; 9 पर मुकदमा दर्ज

रुड़की न्यूज़– दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ क्रूरता की हदें पार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने महिला पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया और बाद में तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति सहित नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कोटवाल आलमपुर निवासी शना का निकाह 12 फरवरी 2023 को सद्दाम के साथ हुआ था। पीड़िता के पिता गुलशेर अली के अनुसार, उन्होंने अपनी सामर्थ्य से बढ़कर बेटी की शादी में करीब 40 लाख रुपये खर्च किए थे, जिसमें चार लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण शामिल थे।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति सद्दाम, सास मोहसीना, ससुर इसरार और अन्य परिजनों ने अतिरिक्त दहेज में एक कार और 10 लाख रुपये नकद की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़िता के अनुसार, सितंबर 2025 में पुत्री सुमायरा के जन्म के बाद ससुराल पक्ष का रवैया और भी अमानवीय हो गया। बच्ची को बोझ बताकर उसे ताने दिए जाते थे। रमजान के महीने में भी उसे भूखा-प्यासा रखकर मारपीट की गई।
पीड़िता ने बताया कि 17 अप्रैल को ससुराल वालों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। किसी तरह वह जान बचाकर कमरे में बंद हो गई और अपने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों को भी आरोपियों ने बंधक बनाकर पीटा। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद सभी की जान बच सकी।
आरोप है कि इसी दौरान पति ने महिला को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया और दोबारा लौटने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने अपने घायल मामा के साथ रुड़की के सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद थाने में तहरीर दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सद्दाम, मोहसीना, इसरार, मुनीर, बाजीन, अनीस, नबील, फरमान और अलतमस के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।








