उत्तराखंड- शीतलहर और घने कोहरे के चलते अब इस जिले में 30 दिसंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद, येलो अलर्ट जारी

हरिद्वार न्यूज़- शीतलहर और घने कोहरे के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा उत्तराखण्ड के लिए जारी 5 दिवसीय जनपद स्तरीय मौसम चेतावनी के क्रम में जनपद हरिद्वार के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग द्वारा दिनांक 29 दिसंबर 2025 को दोपहर 01:30 बजे जारी पूर्वानुमान के अनुसार 30 दिसंबर 2025 को जनपद हरिद्वार अंतर्गत कहीं-कहीं शीत दिवस तथा घने कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है।
मौजूदा शीतकालीन आपदा को ध्यान में रखते हुए तथा विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके तहत दिनांक 30 दिसंबर 2025 को जनपद हरिद्वार के समस्त ऑंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय, अर्द्ध-शासकीय, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से कक्षा 12 तक के सभी छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने की स्थिति में संबंधित संस्थानों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें।









