उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड- यहाँ 4 किमी पैदल सफर से मिली राहत: पहली बार कोटेडा गांव पहुंची बस, ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर किया स्वागत

देवाल (चमोली)- विकासखंड के दूरस्थ कोटेडा गांव में सोमवार का दिन ग्रामीणों के लिए ऐतिहासिक बन गया। गांव में पहली बार बस पहुंचने पर लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बस चालक और परिचालक का फूल-मालाओं और मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। साथ ही पीएमजीएसवाई के अधिकारियों का भी आभार जताया।

 

ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग बनने के बाद वाहनों के संचालन का इंतजार कर रहे थे। सोमवार को जैसे ही बस सेवा का ट्रायल गांव तक पहुंचा, लोग खुशी से सड़क पर उमड़ पड़े। महिलाओं और बुजुर्गों ने बस की पूजा-अर्चना की और चालक-परिचालक का अभिनंदन किया।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल- आज इन राशि वालों को मिलेगा आज भाग्य का साथ, पढ़ें दैनिक राशिफल

 

 

बताया गया कि इस मोटर मार्ग का निर्माण करीब 2 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से किया गया है। पीएमजीएसवाई ने पिछले वर्ष सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया था, लेकिन कुछ कटिंग और तीखे मोड़ों के अधूरे कार्य के कारण वाहनों का ट्रायल शुरू नहीं हो पाया था। अब सड़क पूरी तरह तैयार होने के बाद बस गांव तक पहुंच सकी।

यह भी पढ़ें 👉  कर्णप्रयाग में हेमकुंड यात्रियों और व्यापारियों के बीच खूनी झड़प, चार गिरफ्तार; 5 घंटे तक बाधित रही बद्रीनाथ यात्रा

 

 

इस सड़क से करीब 700 की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। गांव के सामाजिक कार्यकर्ता दिशु गडिया ने कहा कि पहली बार बड़ी बस गांव पहुंचने से लोगों की वर्षों पुरानी उम्मीद पूरी हुई है। अब ग्रामीणों को चार किलोमीटर पैदल सफर नहीं करना पड़ेगा और बीमारों व जरूरतमंदों को भी राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- दस साथी लाइनहाजिर होते ही नशे के तस्करों पर टूटी पुलिस, बड़ी मात्रा में देशी और कच्ची शराब की बरामद

 

 

इस अवसर पर दिगपाल गडिया, विनोद गडिया, गंगा देवी, ज्योति, ममता, पुष्पा देवी, केदार सिंह, खुशाल सिंह बिष्ट, यशवंत रावत, सुनैना समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।