उत्तराखंड- यहाँ 16 फुट लंबा विशालकाय अजगर 40 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़ा, 6 घंटे बाद हुआ रेस्क्यू

हरिद्वार न्यूज़- शहर में शनिवार सुबह करीब 16 फुट लंबा विशालकाय अजगर दिखाई देने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अजगर पहले दीवार पर रेंगता हुआ नजर आया और कुछ ही देर बाद करीब 40 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर शाखाओं के बीच जाकर बैठ गया। पेड़ पर इतने बड़े अजगर को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
दीवार पर रेंगता दिखाई दिया अजगर
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे निर्मल बाग कॉलोनी के पास लोगों ने दीवार पर एक विशालकाय अजगर को रेंगते देखा। अजगर जंगल की ओर से निकलकर दीवार तक पहुंचा था। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।
40 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया
वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही अजगर दीवार से होते हुए करीब 40 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ की ऊंची शाखाओं के बीच अजगर के पहुंच जाने से रेस्क्यू टीम के सामने चुनौती बढ़ गई। इतनी ऊंचाई पर बैठे अजगर को सुरक्षित नीचे उतारना आसान नहीं था।
छह घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया। इसके बाद अजगर को रेस्क्यू करने की तैयारी शुरू की गई। टीम ने बेहद सावधानी के साथ अभियान चलाया। अजगर तक पहुंचने के लिए पेड़ की कुछ डालियों को भी काटना पड़ा। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब चार बजे टीम ने 16 फुट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।
सुरक्षित स्थान पर छोड़ा गया अजगर
रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि अजगर काफी लंबा था। सुबह करीब 10 बजे लोगों ने उसे पहले दीवार पर देखा था, जिसके बाद वह करीब 40 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया। वन विभाग की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए शाम करीब चार बजे उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। उन्होंने बताया कि पूरे अभियान के दौरान लोगों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया। रेस्क्यू किए गए अजगर को बाद में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।








