उत्तराखंड- यहाँ पति ने पत्नी की गला दबाकर और चाकू मारकर की हत्या, खून से सने कपड़ों में खुद थाने पहुंचकर किया जुर्म कबूल

पिथौरागढ़ न्यूज़– जनपद पिथौरागढ़ के जाखनी क्षेत्र में शनिवार तड़के दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आपसी कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर और चाकू मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति खून से सने कपड़ों में सीधे थाना पहुंचा और पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
एसपी रेखा यादव ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि शनिवार सुबह करीब 7 बजे एक व्यक्ति थाना पहुंचा और उसने स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल जाखनी क्षेत्र स्थित उसके घर पहुंची, जहां कमरे के भीतर बिस्तर पर महिला का शव पड़ा मिला। पुलिस ने मौके को सील कर दिया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया।
तड़के साढ़े चार बजे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी पति की पहचान राजेश राम लावड़ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मूनाकोट ब्लॉक के कानड़ी गांव का निवासी है और वर्तमान में जाखनी क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो बढ़ गया। इसके बाद सुबह करीब साढ़े चार बजे राजेश ने अपनी पत्नी नीलम (30) पर चाकू से हमला कर दिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
महाराष्ट्र में सिक्योरिटी गार्ड है आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी राजेश महाराष्ट्र में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है और करीब एक सप्ताह पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। पड़ोसियों और परिजनों के अनुसार दंपती के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पोस्टमॉर्टम और कानूनी कार्रवाई जारी
घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि आरोपी पति से पूछताछ की जा रही है और मामले में सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती तौर पर मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।








