उत्तराखंड- यहाँ बाघ का कहर: सड़क से उठाकर युवक को ले गया बाघ, 2 किमी अंदर मिला अधखाया शव
कॉर्बेट से सटे नया बायपास पुल के पास हमला, एक महीने में बाघ के हमले से चौथी मौत; डीएनए से होगी शिनाख्त

रामनगर वन प्रभाग के बेला बीट क्षेत्र में शनिवार देर शाम बाघ के हमले से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे नया बायपास पुल के पास सड़क से गुजर रहे युवक पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया और उसे जंगल के भीतर घसीट ले गया। रविवार सुबह सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल के करीब दो किलोमीटर अंदर युवक का अधखाया शव बरामद हुआ। बाघ ने शरीर के अधिकांश हिस्सों को खा लिया था, केवल सिर ही शेष मिला है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया गया। लेकिन घना जंगल और अंधेरा होने के कारण शनिवार रात रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। इसके बाद रविवार तड़के दोबारा बड़े स्तर पर सर्च अभियान चलाया गया।
पटाखे और फायरिंग से किया बाघ का पीछा
बाघ की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम ने सुरक्षा के मद्देनज़र हवाई फायरिंग की और बम-पटाखों का इस्तेमाल किया। बाघ के पदचिह्नों का पीछा करते हुए टीम जंगल के भीतर करीब दो किलोमीटर तक पहुंची, जहां युवक का क्षत-विक्षत शव मिला।
डीएनए जांच से होगी पहचान
रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए सैंपल लिया जाएगा।
ग्रामीणों में आक्रोश, दहशत का माहौल
कॉर्बेट और रामनगर वन प्रभाग से सटे इलाकों में मानव–वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते एक महीने के भीतर बाघ के हमलों में यह चौथी मौत है। बार-बार हो रही घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में भारी गुस्सा और भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से ठोस कार्रवाई की मांग की है।
वन विभाग ने क्षेत्र में अलर्ट जारी करते हुए लोगों से जंगल की ओर न जाने और सावधानी बरतने की सख्त अपील की है। साथ ही प्रभावित इलाकों में गश्त बढ़ाने और निगरानी तेज करने की बात कही गई है।








