उत्तराखंड- यहाँ हुआ दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूल बस की टक्कर से तीन युवकों की मौत, गांव में मातम

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घर से महज 100 मीटर पहले निजी स्कूल बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसा इतना भीषण था कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी जान चली गई।
घर पहुंचने से पहले मौत ने घेरा
जानकारी के अनुसार प्रतापपुर वार्ड-7 निवासी देवेंद्र सिंह राणा (24) पुत्र उमेश सिंह राणा, अपने पड़ोसी राजेश सिंह राणा उर्फ बिल्ला (26) पुत्र दर्शन सिंह और राजेश सिंह राणा (34) पुत्र पंचम सिंह के साथ बाइक से झनकट से घर लौट रहे थे। बाइक देवेंद्र चला रहा था। जैसे ही उनकी बाइक सड़ासडिया से प्रतापपुर जाने वाले मार्ग पर घर से करीब 100 मीटर दूर पहुंची, तभी सामने से आ रही निजी स्कूल बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि तीनों उछलकर सड़क पर गिरे
टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने घायलों को उप जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक फरार
सूचना मिलने पर नानकमत्ता थानाध्यक्ष उमेश कुमार और प्रतापपुर पुलिस चौकी इंचार्ज राजेंद्र पंत अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को कब्जे में लेकर मॉर्चुरी में रखवा दिया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शनिवार को कराई जाएगी।
हादसे के बाद निजी स्कूल बस का चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। क्षतिग्रस्त बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
तीन घरों के बुझ गए चिराग, गांव में मातम
देवेंद्र सिंह राणा तीन बहनों में परिवार का इकलौता बेटा था। राजेश सिंह राणा अपने पीछे पत्नी शिशुकला और दो बेटियां—रितिका (9) और जेसिका (6)—को छोड़ गया। वहीं राजेश सिंह राणा उर्फ बिल्ला अविवाहित था। एक साथ तीन युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार बस चालक की तलाश तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।








