उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड में मौसम का कहर: कई जिलों में बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी; 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। शुक्रवार, 20 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है।

 

चारों धाम—यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ—में भी बर्फबारी के चलते आसपास के क्षेत्र सफेद चादर से ढक गए हैं। बद्रीनाथ धाम में करीब दो फीट तक बर्फ जम चुकी है, जिससे ठंड में इजाफा हो गया है।

 

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ भारी बारिश के चलते अब इस जिले में कल स्कूलों की छुट्टी के आदेश हुए जारी

 

6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

 

इसके अलावा गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

 

7 जिलों में यलो अलर्ट
वहीं हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्दूचौड़ भाजपा मंडल की कार्यकारिणी हुई घोषित:- इन नेताओं को मिली यह जिम्मेदारी…

 

तापमान में गिरावट, ठंड बढ़ी
बुधवार रात से शुरू हुई बारिश के चलते राज्यभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बढ़ गया है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम ठंडा हो गया है।

 

देहरादून का मौसम
राजधानी देहरादून में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। यहां गरज-चमक, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

 

तापमान अधिकतम 22°C और न्यूनतम 14°C के आसपास रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- महिला अपराध मामले में ढिलाई नहीं होगी बर्दाश्त, SSP ने 2 महिला कांस्टेबल किए निलंबित

 

अगले तीन दिन का मौसम
21 मार्च: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश और 3000 मीटर से ऊपर बर्फबारी के आसार।

22 मार्च: पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी की संभावना, मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।

23 मार्च: कई पर्वतीय जिलों में फिर से बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के संकेत।

 

सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम, बर्फबारी और तेज हवाओं के चलते जोखिम बढ़ सकता है।