हल्द्वानी: छात्रा की तबीयत बिगड़ी तो स्कूल में मची अफरा-तफरी, भूत-प्रेत की अफवाह से घर भागीं छात्राएं

हल्द्वानी न्यूज़- बनभूलपुरा स्थित ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान अचानक कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने के बाद आसपास मौजूद अन्य छात्राएं भी घबरा गईं। देखते ही देखते स्कूल में भूत-प्रेत और ऊपरी हवा की अफवाह फैल गई, जिसके बाद कई छात्राएं रोते हुए स्कूल से बाहर निकलकर घर की ओर भागने लगीं।
स्थिति बिगड़ती देख स्कूल प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप किया और छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए समय से पहले छुट्टी कर सभी को घर भेज दिया। हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि घटना के पीछे भूत-प्रेत जैसी कोई बात नहीं थी।
यूनिट टेस्ट के दौरान बिगड़ी छात्राओं की तबीयत
सोमवार को स्कूल में यूनिट टेस्ट चल रहे थे। इसी दौरान कक्षा 10 और 11 की एक-दो छात्राओं को अचानक चक्कर आने लगे और उनकी तबीयत बिगड़ गई। इनमें से एक छात्रा अचानक चीखने-चिल्लाने लगी, जिसे देखकर आसपास बैठी छात्राएं डर गईं।
एक छात्रा को इस तरह परेशान देखकर 4-5 अन्य छात्राओं में भी घबराहट फैल गई। कुछ छात्राएं रोने लगीं और स्कूल से बाहर निकलकर अपने घरों की ओर भागने लगीं। इस बीच इलाके में छात्राओं पर भूत-प्रेत या ऊपरी हवा का असर होने की अफवाह फैल गई। इससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल बन गया।
स्कूल प्रशासन ने कहा- भूत-प्रेत की बात गलत
मामले की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने स्थिति को संभाला। स्कूल की प्रवक्ता नीलम ने बताया कि यह भूत-प्रेत या ऊपरी हवा का कोई मामला नहीं है। एक छात्रा की तबीयत खराब होने के बाद उसे देखकर कुछ अन्य छात्राएं घबरा गईं, जिसके कारण स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छात्राओं की घबराहट को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने तत्काल छुट्टी कर दी और सभी छात्राओं को सुरक्षित उनके घर भेज दिया। स्कूल प्रबंधन के अनुसार अब स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।
स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घटना को लेकर अनावश्यक डर का माहौल न बनाएं।








