देहरादून में पत्नी की गला दबाकर हत्या, शव कट्टे में भर जंगल में फेंका; 2500 CCTV खंगालने के बाद पति गिरफ्तार

देहरादून में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को प्लास्टिक के कट्टे में भरकर जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले का खुलासा करते हुए देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि 11 मार्च 2026 को प्रेमनगर क्षेत्र के मांडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में महिला का शव बरामद हुआ था। शव के पास एक रजाई भी मिली थी। शव 4-5 दिन पुराना था और चेहरा खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को ब्लाइंड मर्डर मानकर जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर 8 पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने 2500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 30 से ज्यादा झुग्गी-बस्तियों में करीब 5000 लोगों से पूछताछ और सत्यापन किया।
जांच के दौरान 19 मार्च को कॉसवाली कोठरी क्षेत्र से सूचना मिली कि एक मजदूर की पत्नी अचानक लापता है। पुलिस ने जब इस मामले को जोड़ा तो शक के आधार पर भाटोवाला क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी रंजीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसकी दो पत्नियां थीं। पहली पत्नी रूपा, जिससे उसकी शादी 2009 में हुई थी, कुछ समय पहले उसे छोड़कर चली गई थी। बाद में उसने दूसरी शादी कर ली। फरवरी 2026 में रूपा अपनी 11 महीने की बच्ची के साथ वापस लौटी और दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बनाने लगी, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
5 मार्च की रात हुए विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर रूपा की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को प्लास्टिक के कट्टे में छिपाकर चार दिन तक रखा और 8 मार्च को जंगल में फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान रूपा (32 वर्ष), निवासी सहरसा (बिहार) के रूप में हुई है, जो देहरादून के भाटोवाला क्षेत्र में रह रही थी। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही हैं।








