उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, रविवार से जोर पकड़ेगा मानसून; 5 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में पहाड़ों से लेकर मैदान तक बारिश का दौर जारी है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों की तुलना में फिलहाल भारी बारिश की तीव्रता में कमी आई है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मानसून के फिर सक्रिय होने का पूर्वानुमान जताया है। रविवार से प्रदेश में बारिश के दौर में तेजी आने की संभावना है। सोमवार और मंगलवार को कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।
आज सभी जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर बारिश के तीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं। शुक्रवार को भी पहाड़ से मैदान तक दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही।
देहरादून में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे। इस दौरान तेज बौछारों के दो दौर भी देखने को मिले। वहीं, हरिद्वार समेत मैदानी क्षेत्रों में भी कई जगह मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई।
5 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है।
रविवार से बढ़ेगी बारिश की रफ्तार
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है। खासकर कुमाऊं मंडल में भारी बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है। सोमवार और मंगलवार को पूरे प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी इलाकों में बढ़ सकता है खतरा
लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और सड़क मार्ग प्रभावित होने का खतरा बढ़ सकता है। बारिश के दौरान नदियों और बरसाती नालों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों को अलर्ट रहने की जरूरत है। लोगों से भी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से संवेदनशील पहाड़ी मार्गों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।








