शराब पीकर हंगामा करने से रोकने पर सिक्योरिटी गार्ड की चाकू मारकर हत्या, भांजे समेत तीन घायल

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मोहल्ले में शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों को रोकना एक सिक्योरिटी गार्ड को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवकों ने बीच-बचाव करने पहुंचे गार्ड और उसके परिजनों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई, जबकि उसके भांजे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
घटना रुद्रपुर के रेशमबाड़ी क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय लीलाधर एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर तैनात थे। देर रात ड्यूटी पूरी कर वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर के पास कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे।
भांजे को पीटते देख बीच-बचाव करने पहुंचे लीलाधर
बताया जा रहा है कि लीलाधर के भांजे राहुल पुत्र विजेंद्र पाल ने युवकों को मोहल्ले में हंगामा करने से मना किया। इस बात पर युवकों ने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी। भांजे को पिटता देख लीलाधर भी मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव करते हुए युवकों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने चाकू निकालकर लीलाधर पर हमला कर दिया। हमले में राहुल के अलावा रामअवतार और अनुज भी चाकू लगने से घायल हो गए।
अस्पताल में लीलाधर को मृत घोषित किया
घटना के बाद चारों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली।
SSP ने देर रात की बैठक, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने रात करीब 12 बजे पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि रमपुरा के रेशमबाड़ी क्षेत्र में स्थानीय युवकों और कुछ दूरी पर रहने वाले अन्य युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान एक-दो युवकों ने चाकू से हमला किया, जिसमें लीलाधर की उपचार के दौरान मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घायलों से पूछताछ की जा रही है। मामले में अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।










