उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड में तीन बड़े कॉरिडोर पर सीएम धामी का फोकस, अधिकारियों को एक महीने में काम दिखाने का लक्ष्य

हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवरफ्रंट परियोजनाओं की सीएम धामी ने की समीक्षा, एक महीने में धरातल पर दिखने चाहिए विकास कार्य

देहरादून न्यूज- उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को नई दिशा देने के लिए सरकार ने तीन बड़े कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर काम तेज कर दिया है। हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इन परियोजनाओं से प्रदेश में 21 हजार से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 हजार से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

 

 

शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक में इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और नई परियोजनाओं को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी एक महीने के भीतर कुछ परियोजनाओं का असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं को केवल निर्माण तक सीमित न रखा जाए, बल्कि संबंधित क्षेत्रों की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान को भी ध्यान में रखा जाए। स्थानीय विशेषताओं को परियोजनाओं से जोड़ने पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में हुआ दुग्ध संघ का ऐतिहासिक अधिवेशन, आत्मनिर्भर डेयरी मॉडल की दिशा में बड़ा कदम

 

 

हरिद्वार गंगा कॉरिडोर: 3,297 करोड़ की परियोजनाएं प्रस्तावित

हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 495 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र में विकास का 70 प्रतिशत और हरकी पैड़ी व सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में भी 45 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है।

 

 

मां मनसा देवी मंदिर के पहुंच मार्ग का 55 प्रतिशत और मां चंडी देवी मंदिर के पहुंच मार्ग का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत काम पूरा हुआ है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा किया जाना है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में किसान ने पत्नी को पानी भरने भेजा, फिर खुद को गोली मार ली

 

 

ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर: त्रिवेणी घाट और आस्था पथ का होगा कायाकल्प

ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के लिए 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। जानकी झूला के पास बन रहे एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 

 

इसके अलावा 115.07 करोड़ रुपये की लागत से त्रिवेणी घाट का विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये की लागत से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण किया जा रहा है। शिवपुरी और नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग से जुड़ी सुविधाओं के साथ पर्यटकों के लिए जरूरी व्यवस्थाओं का भी विस्तार किया जाएगा।

 

 

शारदा रिवरफ्रंट: घाट पुनर्विकास और बस टर्मिनल पर काम

शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के तहत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। आपदा जोखिम कम करने के उद्देश्य से बनाए जा रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस पर 85.23 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  1999 से अब तक के छात्रों के लिए बड़ी खबर! उत्तराखंड बोर्ड करने जा रहा है ऐसा काम, खत्म होगी पुरानी परेशानी”

 

 

वहीं, 184.20 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिसका 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। 66.49 करोड़ रुपये की शहरी जल निकासी योजना के पहले चरण का 13 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में पहुंच गया है।

 

 

श्रीनगर-बेलकेदार में विकसित होगा आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र

बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में करीब 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना की प्रगति की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही साहसिक पर्यटन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करने, निजी निवेश बढ़ाने और परियोजनाओं की निगरानी मजबूत करने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

 

 

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा सहित संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।