उत्तराखण्डकुमाऊं,

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाने वाले अर्पण यदुवंशी बने नैनीताल के नए SSP, संभाला कार्यभार

हल्द्वानी न्यूज- नैनीताल जिले को नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मिल गया है। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार, 27 नवंबर को नैनीताल जिले के एसएसपी का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

 

 

पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचने पर उन्हें सलामी गार्द की ओर से सलामी दी गई। इसके बाद नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

 

 

सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने में निभाई थी अहम भूमिका

नवनियुक्त एसएसपी अर्पण यदुवंशी अपने अनुशासित और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए पहचाने जाते हैं। इससे पहले वह उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक के पद पर करीब ढाई वर्ष तक तैनात रहे। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ ही गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने देहरादून सहित इन जिलों में बारिश का यलो अलर्ट किया जारी

 

 

उनके उत्तरकाशी कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान शामिल रहा। इस अभियान में उन्होंने घटना कमांडर के रूप में नेतृत्व किया और विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

 

SDRF के सेनानायक रहते हुए धराली आपदा में संभाला मोर्चा

अर्पण यदुवंशी उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) के सेनानायक के पद पर भी करीब दो वर्ष तक सेवाएं दे चुके हैं। उनके नेतृत्व में अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि करीब 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में रहस्यमयी हालात में NEET छात्रा की मौत, डायरी के एक वाक्य पर टिकी जांच

 

 

इसके अलावा प्रयागराज महाकुंभ 2025 में भी उन्होंने एक माह तक SDRF की तैनाती और संचालन का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में SDRF उत्तराखंड को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। इस दौरान करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

 

 

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी पहचान

अर्पण यदुवंशी ने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करने के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान भी दिए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार- यहाँ मुरादाबाद रोडवेज डिपो की बस अनियंत्रित होकर पलटी, हाईवे की सुरक्षा दीवार तोड़ पार्किंग में गिरी, मौके पर मची चीख-पुकार

 

 

कई प्रतिष्ठित सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित

अपने सेवाकाल में उत्कृष्ट कार्यों के लिए अर्पण यदुवंशी को प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक-2024, महाकुंभ सेवा पदक-2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) से प्रशस्ति सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। इसके अलावा उन्हें पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) से भी सम्मानित किया गया है।

 

 

अब अर्पण यदुवंशी के सामने नैनीताल जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी होगी। उनके प्रशासनिक और आपदा प्रबंधन के अनुभव को देखते हुए जिले की पुलिस व्यवस्था में बेहतर समन्वय और प्रभावी पुलिसिंग की उम्मीद की जा रही है।