बिंदुखत्ता के लिए बड़ी खबर! 3470 हेक्टेयर वन भूमि डी-नोटिफाई करने पर कैबिनेट की सहमति, 32 गांवों को मिलेगी राहत

11 हजार परिवारों की 65 से 80 हजार आबादी को होगा लाभ, अब केंद्र सरकार की मंजूरी का इंतजार
लालकुआं न्यूज- बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग के बीच शुक्रवार को उत्तराखंड कैबिनेट से बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 32 गांवों में स्थित करीब 3470 हेक्टेयर वन भूमि को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सहमति बन गई है। इस फैसले में बिंदुखत्ता के साथ बापूग्राम और बग्गाचौवन समेत प्रदेश के अन्य गांव भी शामिल हैं। इससे करीब 11 हजार परिवारों और 65 से 80 हजार लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट की सहमति के बाद अब वन विभाग की ओर से इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। केंद्र सरकार की स्वीकृति मिलने और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई संभव होगी। ऐसे में कैबिनेट का यह फैसला बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दशकों से राजस्व गांव की मांग उठा रहे ग्रामीण
बिंदुखत्ता में हजारों परिवार दशकों से निवास कर रहे हैं, लेकिन वन भूमि पर बसे होने के कारण क्षेत्र को अब तक राजस्व गांव का दर्जा नहीं मिल पाया है। इसके चलते ग्रामीणों को भूमि संबंधी अधिकार, बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासी लंबे समय से इस समस्या के समाधान और बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर कई बार आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और शासन-प्रशासन के स्तर पर वार्ताएं भी हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री से वार्ता में भी उठा था मुद्दा
हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करने पहुंचे 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भी बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने की मांग प्रमुखता से उठाई थी। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान के लिए सरकार से ठोस पहल करने का आग्रह किया था।
अब कैबिनेट में 3470 हेक्टेयर वन भूमि को डी-नोटिफाई करने पर सहमति बनने से बिंदुखत्ता के ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि उनकी वर्षों पुरानी मांग अब निर्णायक पड़ाव तक पहुंच सकती है।
अब केंद्र सरकार के फैसले पर टिकी निगाहें
कैबिनेट की सहमति के बाद अगला कदम वन विभाग की ओर से केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजना होगा। केंद्र की मंजूरी और जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही भूमि डी-नोटिफाई करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। फिलहाल बिंदुखत्ता समेत प्रदेश के 32 गांवों के हजारों परिवारों की निगाहें केंद्र सरकार की स्वीकृति पर टिकी हैं।










