उत्तराखंड में बढ़ेगी ठिठुरन! आज रात से कोहरे का अलर्ट, इन जिलों में दिखेगा सबसे ज्यादा असर

देहरादून न्यूज- उत्तराखंड में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मैदानी इलाकों में कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। आज रात से निचले इलाकों में कोहरा छाने की संभावना है। इसका सबसे ज्यादा असर हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिले में देखने को मिल सकता है। वहीं, आने वाले दिनों में कोहरे का दायरा बढ़ने के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में पाला गिरने से ठंड और बढ़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को कोहरे का असर अन्य जिलों तक फैल सकता है। देहरादून, नैनीताल, पौड़ी और चंपावत में भी कोहरा छाने की संभावना है। बुधवार तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, दिसंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड और तेज होने के आसार हैं।
पहाड़ों में बादल और पाले का असर
मौसम के बदलते मिजाज के बीच देहरादून, नैनीताल, पौड़ी और टिहरी में दिन के समय बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, अन्य पर्वतीय जिलों में सुबह और शाम के समय धुंध देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, आज रात से पहाड़ी क्षेत्रों में हल्का पाला गिरना भी शुरू हो सकता है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह से पाले का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
सामान्य से ज्यादा रहा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा रहा। इसके बावजूद आने वाले दिनों में कोहरा और पाला बढ़ने से ठंड का अहसास तेज होने की संभावना है।
मौसम में बदलाव को देखते हुए मैदानी इलाकों में वाहन चालकों को कोहरे के दौरान सावधानी बरतने और पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह-शाम ठंड से बचाव की तैयारी रखने की जरूरत है।











