उत्तराखंड- यहाँ हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, सीमेंट से भरा ट्रक पलटा; बाइक सवार की मौके पर मौत

देहरादून न्यूज़- शहर के मोहब्बेवाला क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। आशारोड़ी से देहरादून की ओर आ रहा सीमेंट से भरा ट्रक मोहब्बेवाला ढाल के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान सड़क से गुजर रहा एक बाइक सवार ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक अन्य युवक के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है, जबकि कुछ अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पटेल नगर कोतवाली और क्लेमेंटटाउन पुलिस के साथ फायर सर्विस, ट्रैफिक पुलिस और आपदा नियंत्रण टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और राहत टीमों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार, सीमेंट से भरा ट्रक आशारोड़ी से देहरादून की ओर आ रहा था। इसी दौरान चालक ने सड़क पर एक बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया। इसी कोशिश में ट्रक अनियंत्रित हो गया और कुछ दूरी तक सड़क पर चलता हुआ पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक चालक और हेल्पर ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से सड़क किनारे लगी रेलिंग को भी नुकसान पहुंचा। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आने की बात बताई जा रही है।
ट्रक के पलटने से हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। भारी वाहन को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई, लेकिन ट्रक में सीमेंट लदा होने के कारण उसका वजन अधिक था, जिससे उसे हटाने में काफी परेशानी हुई। पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।








