देहरादून में प्रॉपर्टी के लालच में मां पर टूटा बेटे का कहर, पीट-पीटकर किया अधमरा; चेहरे पर गंभीर चोट, हाथ की हड्डी टूटी

देहरादून न्यूज़- राजधानी देहरादून में प्रॉपर्टी के विवाद ने मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। आरोप है कि संपत्ति में हिस्सा अपने नाम कराने के दबाव में एक बेटे ने अपनी मां के साथ बेरहमी से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला के चेहरे पर कई जगह चोटें आई हैं, जबकि हाथ की हड्डी टूट गई है। डॉक्टरों ने चेहरे की चोटों के लिए सर्जरी की सलाह दी है और महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
महिला के छोटे बेटे ने अपने बड़े भाई पर मारपीट का आरोप लगाते हुए बताया कि वह लंबे समय से मां पर उनकी संपत्ति का हिस्सा अपने नाम करने का दबाव बना रहा है। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर वह पहले भी अपनी मां के साथ मारपीट कर चुका है। वर्ष 2025 में हुई मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था, जो फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बाद 9 सितंबर को भी मां के साथ मारपीट का मामला क्लेमेनटाउन थाने में दर्ज कराया गया था।
मां के हिस्से में लगाया ताला, खुलवाने पहुंची तो मारपीट का आरोप
परिजनों के मुताबिक, करीब पांच-छह महीने पहले महिला की तबीयत खराब हुई थी, जिसके चलते वह गांव चली गई थीं। इसी दौरान आरोप है कि बड़े बेटे ने मां के हिस्से वाले पोर्शन में ताला लगा दिया। वापस लौटने पर महिला को ताला खुलवाने के लिए पुलिस के पास जाना पड़ा। पुलिस की समझाइश के बाद बेटा ताला खोलने के लिए राजी हुआ, लेकिन आरोप है कि जब महिला ताला खोलने पहुंचीं तो उनके साथ मारपीट कर दी गई। इस घटना को लेकर 9 सितंबर को क्लेमेनटाउन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
9 सितंबर के बाद 14 सितंबर को फिर हमला करने का आरोप
छोटे बेटे का आरोप है कि 14 सितंबर की दोपहर उसका बड़ा भाई दोबारा मां के पास पहुंचा। प्रॉपर्टी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोप है कि बेटा मां के कमरे में घुस गया और उनके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में महिला के चेहरे पर तीन-चार जगह गंभीर चोटें आईं और हाथ की हड्डी टूट गई। डॉक्टरों ने चेहरे की चोटों के उपचार के लिए सर्जरी की सलाह दी है।
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बेटे पर बेरहमी से मारपीट करने के साथ ही चेहरे पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है। महिला ने मारपीट के दौरान आंख को भी नुकसान पहुंचने की बात कही है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
मां का हिस्सा अपने नाम कराने का दबाव देने का आरोप
छोटे बेटे के मुताबिक, बड़े भाई की नजर मां की संपत्ति पर है और वह चाहता है कि मां जीवित रहते ही अपना हिस्सा उसके नाम कर दें। महिला का कहना है कि वह जब तक जीवित हैं, अपने हिस्से में अकेली रहेंगी और अपनी संपत्ति किसी के नाम नहीं करेंगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चलने की बात सामने आई है।
2025 से लगातार विवाद, अब आरोपी बेटा फरार
परिजनों का कहना है कि मां के साथ मारपीट का यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2025 में भी मारपीट को लेकर मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसकी सुनवाई कोर्ट में चल रही है। इसके बाद 9 सितंबर को भी पुलिस में मामला दर्ज कराया गया और अब 14 सितंबर को दोबारा मारपीट का आरोप लगा है।
घटना के बाद आरोपी बेटा फरार बताया जा रहा है। महिला ने क्लेमेनटाउन थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।






