(ब्रेकिंग न्यूज) बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार, मचा हड़कंप

जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान टूटा संपर्क, ट्रैकिंग सिस्टम से भी गायब हुई लोकेशन; SDRF की टीम रेस्क्यू के लिए पहाड़ी पर रवाना
जोशीमठ न्यूज़– उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। जोशीमठ और बद्रीनाथ के बीच एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे की पुष्टि सेना और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की है। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए सक्रिय हो गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई। कुछ समय बाद जोशीमठ के पास हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना सामने आई।
पहाड़ी पर चढ़ रही SDRF की रेस्क्यू टीम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। SDRF की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए पहाड़ी पर चढ़ रही है। डीएसपी मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी के मुताबिक, जेपी डैम के ऊपर जंगल में सफेद रंग की किसी वस्तु में आग लगने की सूचना मिली थी। इसकी पुष्टि और स्थिति का पता लगाने के लिए दूसरे हेलिकॉप्टर भी भेजे गए हैं।
ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलिकॉप्टरों की उड़ान रोकी
हादसे का शिकार हुआ हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का बताया जा रहा है। इसमें पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नटराज के रूप में हुई है।
हादसे के बाद एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन के पूरे बेड़े के हेलिकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है।
उत्तराखंड में पांच साल में सात हेलिकॉप्टर हादसे, 21 लोगों की मौत
उत्तराखंड में हेलिकॉप्टर हादसों का सिलसिला चिंता बढ़ाने वाला रहा है। केंद्र सरकार के मुताबिक, वर्ष 2020 से जुलाई 2025 तक प्रदेश में सात हेलिकॉप्टर क्रैश हुए थे, जिनमें 21 लोगों की जान गई थी। वहीं, वर्ष 2023 से 2025 के बीच छह हेलिकॉप्टर हादसे दर्ज किए गए।
फिलहाल जोशीमठ के पास हुए इस हादसे के बाद रेस्क्यू अभियान और यात्रियों की स्थिति को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन की ओर से आगे की जानकारी मिलने का इंतजार है।
हादसे से जुड़ी ताजा जानकारी सामने आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।










