ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: 22 साल के युवक की मौत, 8 महीने पहले ही हुई थी शादी

रायवाला में ट्रक और लोडर की भीषण टक्कर, ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर पलटा लोडर; चालक की मौके पर मौत, दो घायल
ऋषिकेश न्यूज़- देहरादून जिले के ऋषिकेश के पास रायवाला थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। खांड गांव पुलिया के पास ट्रक और लोडर वाहन की टक्कर के बाद लोडर सड़क पर पलट गया। हादसे में लोडर चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वाहन में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के किशनगढ़ निवासी देव सैनी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों वाहन देर रात हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर आ रहे थे। इसी दौरान रायवाला थाना क्षेत्र में खांड गांव पुलिया के पास ओवरटेक करने के दौरान लोडर वाहन अनियंत्रित हो गया और ट्रक से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि लोडर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने घायलों को संभाला, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त लोडर का निरीक्षण किया तो उसमें तीन लोग सवार मिले। इनमें चालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य लोग घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आठ महीने पहले ही हुई थी शादी, परिवार का बड़ा बेटा था देव
इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। मृतक देव सैनी की उम्र महज 22 साल थी और करीब आठ महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। परिजनों के मुताबिक, देव परिवार का बड़ा बेटा था और घर की आजीविका चलाने की जिम्मेदारी भी उसी के कंधों पर थी।
जिस घर में कुछ महीने पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। देव की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के जिस बेटे से सभी को भविष्य की उम्मीदें थीं, उसके अचानक चले जाने से परिजन गहरे सदमे में हैं।
ट्रक चालक हिरासत में, दोनों वाहन पुलिस के कब्जे में
रायवाला थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने ट्रक और लोडर दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।










