उरी सेक्टर में शहीद हुए चमोली के वीर सपूत

चमोली न्यूज़- उत्तराखंड के चमोली जनपद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारतीय सेना की 11 गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। वह चमोली के ग्राम हरमल के निवासी थे। उनके शहीद होने की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
नायक सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी शहादत की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्र में गमगीन माहौल है। देवभूमि के इस वीर सपूत के बलिदान पर हर कोई उन्हें नमन कर रहा है।
चमोली पुलिस ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
चमोली पुलिस ने भी वीर जवान की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। पुलिस ने अपने संदेश में कहा कि देवभूमि के वीर सपूत का अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
चमोली पुलिस ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले नायक सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया की शहादत को पूरा उत्तराखंड नमन कर रहा है।
वीर सपूत को शत-शत नमन। जय हिंद!










