देहरादून- 22 लाख की नई सुपरबाइक से निकले UK Rider की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार कार ने पीछे से मारी टक्कर

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड के चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बाइक राइडर आस मोहम्मद उर्फ UK Rider की शुक्रवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। देहरादून में बल्लूपुर-पांवटा हाईवे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि आस मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स, बाइक व्लॉगिंग के लिए थे मशहूर
आस मोहम्मद हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र के भरापुर भौरी गांव के रहने वाले थे। करीब 25 वर्षीय आस मोहम्मद सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थे और उनके 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। कपड़े का शोरूम चलाने के साथ-साथ वह महंगी और लग्जरी बाइकों से व्लॉगिंग करते थे।
बाइकों के प्रति उनके जुनून के चलते सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी पहचान थी। उनके अचानक निधन की खबर से परिवार और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है।
हादसे से एक दिन पहले खरीदी थी 22 लाख की सुपरबाइक
बताया जा रहा है कि आस मोहम्मद ने हादसे से महज एक दिन पहले यानी 27 अगस्त को करीब 22 लाख रुपये की नई Kawasaki Ninja ZX-10R बाइक खरीदी थी। नई सुपरबाइक के साथ वह राइडिंग के लिए निकले थे, लेकिन किसे पता था कि यह उनकी आखिरी राइड साबित होगी।
बल्लूपुर-पांवटा हाईवे पर हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे आस मोहम्मद अपनी नई सुपरबाइक से देहरादून से पांवटा साहिब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सहसपुर कोतवाली क्षेत्र में बल्लूपुर-पांवटा हाईवे पर हिन्दूवाला के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही आस मोहम्मद सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही सभावाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर आस मोहम्मद गंभीर हालत में मिले, जबकि उनकी नई सुपरबाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
पुलिस टीम ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में मचा कोहराम, CCTV खंगाल रही पुलिस
आस मोहम्मद की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सहसपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह रावत के मुताबिक, हादसे की जांच की जा रही है। फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने में जुटी है।
एक दिन पहले नई बाइक, अगले दिन दर्दनाक हादसा
आस मोहम्मद के लिए यह हादसा इसलिए भी बेहद दुखद है क्योंकि उन्होंने जिस सुपरबाइक को महज एक दिन पहले खरीदा था, उसी से वह राइड पर निकले थे। लेकिन कुछ ही घंटों बाद हुए सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स और साथी बाइक राइडर्स उनकी मौत की खबर से स्तब्ध हैं।







