लालकुआं में दर्दनाक हादसा: टुकटुक से सड़क पर गिरा युवक, सिर में गंभीर चोट लगने से मौत

लालकुआं न्यूज़- लालकुआं में हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर के वार्ड नंबर 5 सुभाष नगर के सामने टुकटुक से गिरकर 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी थी। उसे उपचार के लिए हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी विक्रम सिंह चौहान (30) पुत्र नरेश सिंह चौहान मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इसके साथ ही वह परिजनों के साथ पशुपालन का कार्य भी करता था। बताया जा रहा है कि गत दिवस वह नगर में टुकटुक से सफर कर रहा था। इसी दौरान वार्ड नंबर 5 के सामने हाईवे पर अचानक झटका लगने से वह टुकटुक से छिटककर सड़क पर सिर के बल गिर पड़ा।
हादसे में विक्रम के सिर पर गंभीर चोट लग गई। घायल अवस्था में उसे पहले लालकुआं के एक क्लीनिक में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत बिगड़ने पर हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम
विक्रम सिंह चौहान की असामयिक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके एक भाई और एक बहन का भी बुरा हाल बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने लालकुआं के मुक्तिधाम श्मशान घाट में युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।










