उत्तराखण्डकुमाऊं,

लालकुआं में दिनदहाड़े दबंगों का तांडव, युवक को सड़क पर गिराकर लाठी-डंडों से पीटा; वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस

नगर पंचायत कार्यालय से शुरू हुआ विवाद सड़क तक पहुंचा, पहले समझौता कराने वाली पुलिस अब वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की बात कर रही है

लालकुआं न्यूज़- नैनीताल जिले के लालकुआं नगर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर के बीचोंबीच दबंगों ने खुलेआम एक युवक को सड़क पर गिराकर बेरहमी से लाठी-डंडों से पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक सभासद पति और दूसरे पक्ष के कुछ लोगों के बीच कहासुनी से हुई थी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और नगर पंचायत कार्यालय परिसर से शुरू हुआ विवाद सड़क तक पहुंच गया। इसके बाद दबंगों ने एक युवक को घेर लिया और बीच सड़क पर गिरा-गिराकर उसकी पिटाई कर दी। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोग तमाशबीन बने रहे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ हुआ दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, पांच लोगों की मौत, एक घायल

 

 

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग युवक पर लगातार लाठी-डंडों से हमला कर रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने की बजाय वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल पैदा कर दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल दुग्ध संघ के चिलर प्लांट में अमोनिया गैस का हुआ रिसाव, दो कर्मचारी प्रभावित, दूध की आपूर्ति 5 घंटे रही बाधित

 

घटना के बाद पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि लालकुआं कोतवाली पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से लेने के बजाय दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाकर मामला शांत कराने की कोशिश की। लेकिन जैसे ही मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और लोगों ने पुलिस पर सवाल उठाने शुरू किए, उसके बाद प्रशासन सक्रिय हो गया।

 

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कात्याल ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए दोषियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- इस जिले में एक बार फिर चलेगा अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का पीला पंजा, आदेश हुए जारी

 

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई करने में जुटी हुई है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने शुरुआत में ही सख्ती दिखाई होती, तो शायद खुलेआम गुंडागर्दी का यह दृश्य देखने को नहीं मिलता।