लालकुआं स्टेशन के विकास कार्यों का जीएम ने लिया जायजा, चेयरमैन लोटनी ने उठाईं जनसुविधाओं की मांगें

- अमृत भारत योजना के कार्य तय समय में पूरे करने के निर्देश,
- नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने रेल महाप्रबंधक से की मुलाकात
लालकुआं न्यूज़– पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने रविवार को लालकुआं रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति परखी। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने उनसे मुलाकात कर नगर के विकास, यातायात व्यवस्था और यात्री सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न मांगें उठाईं।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्माण कार्य तय समय में गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए।
जीएम ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म और 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं में सुधार, स्टेशन परिसर में स्वच्छता और विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। स्टेशन अधीक्षक कार्यालय स्थित पैनल रूम में कर्मचारियों से संरक्षा संबंधी सवाल पूछे।
उन्होंने रेल संचालन में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल परिसंपत्तियों के नियमित रखरखाव और संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर पुनर्विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने को कहा।
बॉक्स :
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने जीएम के समक्ष रखे नगर विकास के प्रस्ताव
लालकुआं। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने रेलवे महाप्रबंधक उदय बोरवणकर से मुलाकात कर लालकुआं के विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। उन्होंने नगर में वेंडर जोन की स्थापना, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था में सुधार, यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं, रेलवे कर्मचारियों के आवास निर्माण तथा पार्क के निर्माण और सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव रखे।
लोटनी ने कहा कि इन योजनाओं से नगर की यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों को सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार महाप्रबंधक ने उनके सुझावों को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फोटो परिचय- लालकुआं में रेलवे महाप्रबंधक उदय बोरवणकर से मुलाकात कर नगर विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़ी मांगें रखते नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी।










