उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड को मिले 36 नए नायब तहसीलदार, 13 बेटियों को भी मिली जिम्मेदारी; सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

देहरादून न्यूज- उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त 36 नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र सौंपे। खास बात यह रही कि चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की यह सफलता प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में चयनित होने के साथ ही अधिकारियों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। अब उन्हें पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करनी होगी।

 

 

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को राजस्व विभाग की जिम्मेदारियों का एहसास कराते हुए कहा कि नामांतरण, जमीन की पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का तय समय में निस्तारण किया जाना चाहिए। जमीन से जुड़े मामले आम लोगों और किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए इनमें पूरी सावधानी और संवेदनशीलता बरतना जरूरी है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटा आयोग, 12 जिलों में प्रशिक्षण शुरू

 

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले लोगों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें और उन्हें सरकारी प्रक्रियाओं एवं जरूरी दस्तावेजों की सही जानकारी दें, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।

 

 

मुख्यमंत्री ने आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सही आकलन समय पर किया जाए, जिससे जरूरतमंद परिवारों तक राहत जल्द पहुंच सके।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार में प्रेम प्रसंग के शक में डबल मर्डर: बहन और पड़ोसी को गोली मारने वाला भाई एनकाउंटर में गिरफ्तार

 

 

भ्रष्टाचार पर सरकार की नीति स्पष्ट करते हुए धामी ने कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अधिकारियों को किसी भी दबाव, सिफारिश या लालच में आए बिना नियमों के अनुसार निर्णय लेने चाहिए। प्रत्येक नागरिक के जायज काम को बिना भेदभाव पूरा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

 

 

उन्होंने अधिकारियों से सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही कहा कि लोगों को उनके आवेदनों की स्थिति की जानकारी भी समय पर उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- गौलापार-तीनपानी बाईपास पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक-कार भिड़ंत में पांच लोग गंभीर घायल, ट्रेंचिंग ग्राउंड कट फिर बना हादसे का कारण

 

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में रोजगार और भर्ती प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।

 

 

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने का अवसर है। राजस्व अधिकारियों को विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए, जिनकी पहुंच और उम्मीदें तहसील स्तर के प्रशासन से जुड़ी होती हैं।