प्रेम विवाह के बाद दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप, विवाहिता को लहूलुहान कर घर से निकाला; SSP के निर्देश पर पति हिरासत में

हल्द्वानी न्यूज- प्रेम विवाह के बाद दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुरालियों ने महिला को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। जान बचाने के लिए विवाहिता खून से लथपथ हालत में घर से बाहर निकल आई। उसने अपनी आपबीती का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया। वीडियो का एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
पीड़िता के मुताबिक, उसने वर्ष 2024 में हल्द्वानी के सतवाल पेट्रोल पंप निवासी युवक से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास, ससुर और ननद उसे प्रताड़ित करने लगे। आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। कई बार उसे घर से भी निकाल दिया गया।
पड़ोसी की शादी में कार आने के बाद बढ़ा दहेज का दबाव
पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वाले उसके प्रेम विवाह से भी नाराज रहते थे और लगातार ताने मारते थे। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले एक युवक की शादी में 10 लाख रुपये कीमत की कार दहेज में आने के बाद ससुरालियों ने भी उस पर दहेज लाने का दबाव बढ़ा दिया। इसे लेकर आए दिन विवाद होने लगा।
सिर पर नुकीली वस्तु से वार, 11 माह के बच्चे से भी मारपीट का आरोप
विवाहिता के अनुसार, 23 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे पति, ससुर और परिवार के अन्य लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके सिर पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया। आरोप है कि इस दौरान उसके 11 माह के बेटे जय सतवाल के साथ भी मारपीट की गई। हमले में महिला के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ हो गई।
माफी मांगकर वापस ले गया था पति
पीड़िता ने बताया कि इससे पहले 21 जनवरी को भी पति और ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट और अभद्रता की थी। इस दौरान मायके पक्ष के लोगों को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद सितंबर 2026 में पति ने माफी मांगकर उसे वापस घर बुला लिया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद ससुरालियों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
घटना के बाद जान बचाने के लिए विवाहिता घर से बाहर निकल गई। बाद में उसे बेस अस्पताल हल्द्वानी ले जाया गया, जहां उसका उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़िता ने पति, सास, ससुर और ननद समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी ने वीडियो का लिया संज्ञान, पति हिरासत में
इंटरनेट मीडिया पर विवाहिता का वीडियो प्रसारित होने के बाद एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस टीम ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि घरेलू मामलों की आड़ में किसी भी व्यक्ति को इस तरह की हिंसा करने की छूट नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में आरोपियों के साथ अपराधियों की तरह सख्ती से निपटा जाएगा।










