नैनीताल में होटल की तीसरी मंजिल से गिरा 3 वर्षीय मासूम, दिल्ली में इलाज के दौरान मौत

नैनीताल न्यूज़- उत्तराखंड के नैनीताल में घूमने आए मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। होटल की तीसरी मंजिल की खिड़की से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए तीन वर्षीय मासूम गौरांत सैनी ने दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी विशाल सैनी अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आए थे और मल्लीताल क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह उनका तीन वर्षीय बेटा गौरांत कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान परिजनों का ध्यान कुछ पल के लिए हटा और मासूम होटल की तीसरी मंजिल की खिड़की से करीब 20 फीट नीचे गिर गया।
बच्चे के गिरते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर होटल स्टाफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मासूम को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
गौरांत को पहले बीडी पांडे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। हल्द्वानी में सीटी स्कैन और अन्य जांच में उसके सिर की हड्डी और गर्दन में गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, दिल्ली ले जाते समय रास्ते में गौरांत की धड़कन भी बंद हो गई थी। डॉक्टरों ने उसे दोबारा रिवाइव किया और फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन गंभीर सिर की चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है। मासूम की मौत से होटल में ठहरे अन्य पर्यटक और स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। यह घटना एक बार फिर होटल के कमरों में छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।








