मानसून की विदाई के बाद फिर बदला उत्तराखंड का मौसम, 8 जिलों में यलो अलर्ट; बारिश-बर्फबारी के आसार

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड से मानसून की विदाई के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं, जबकि कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।
8 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
अगले पांच दिन ऐसा रहेगा मौसम
बीते शनिवार को उत्तराखंड से मानसून की विदाई हो चुकी है। इसके बाद अब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम में बदलाव के आसार बने हैं। इसके प्रभाव से अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है, खासकर उन इलाकों में जहां गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।










