उत्तराखण्डकुमाऊं,

बिन्दुखत्ता- बारातियों ने खाया खाना, जयमाला भी हुई… फेरों से पहले दूल्हे ने मांगी कार, फिर मंडप में मचा बवाल!

लालकुआं न्यूज- बिंदुखत्ता में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दूल्हे ने बारातियों को खाना खिलाने और जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद सात फेरे लेने से इनकार कर दिया। आरोप है कि दूल्हा दहेज में कार की मांग करने लगा। अचानक बदले उसके तेवर देखकर दुल्हन पक्ष के लोग हैरान रह गए। देखते ही देखते समारोह में विवाद शुरू हो गया। गुस्साई महिलाओं ने दूल्हे को घेर लिया और उसकी जमकर खबर ली। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस चौकी पहुंचा दिया। देर रात तक मामला लालकुआं कोतवाली में चलता रहा।

 

 

मामला बिंदुखत्ता के ग्राम तिवारीनगर प्रथम (नर्सरी) का है। यहां निवासी नैनराम की बेटी का विवाह कालाढूंगी के ग्राम पूरनपुर (चकलुवा) निवासी एक युवक के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति से पिछले करीब एक साल से शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस दौरान युवक और युवती के बीच मोबाइल पर बातचीत भी होती रही।

 

 

फोन पर भी करता था कार की मांग

दुल्हन पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के बाद से ही युवक कई बार दहेज में कार देने की मांग कर चुका था। हालांकि परिवार ने उसकी इन मांगों को गंभीरता से नहीं लिया और शादी की तैयारियां जारी रखीं। गुरुवार को तय कार्यक्रम के अनुसार दूल्हा धूमधाम से बारात लेकर बिंदुखत्ता पहुंचा। दुल्हन पक्ष ने बारातियों का स्वागत किया। इसके बाद जयमाला की रस्म हुई और बारातियों ने भोजन भी किया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- गैस उपभोक्ता ध्यान दें! ई-केवाईसी की समयसीमा फिर बढ़ी, जानें नई तारीख

 

 

सात फेरों की तैयारी होते ही बदल गए दूल्हे के तेवर

खाने और जयमाला की रस्म के बाद जब सात फेरे लेने की तैयारी शुरू हुई तो दूल्हे ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उसने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाते हुए फेरे लेने से मना कर दिया और कार की मांग करने लगा। शुरुआत में दुल्हन पक्ष को लगा कि बाराती मजाक कर रहे हैं, लेकिन दूल्हे के ऊंची आवाज में बात करने पर समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

 

 

दूल्हे ने यहां तक कह दिया कि यदि उस पर शादी के लिए दबाव बनाया गया तो इसकी जिम्मेदारी लड़की पक्ष की होगी। इसके बाद वह मंडप से उठकर भागने लगा। इस बीच गुस्साई महिलाओं ने उसे घेर लिया। महिलाओं ने दूल्हे को थप्पड़ भी मारे और उसका मुकुट गिराने की कोशिश की। हंगामा बढ़ता देख बाराती भी धीरे-धीरे मौके से खिसकने लगे।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- घटिया निर्माण पर भड़के सांसद अजय भट्ट, सीएम धामी को लिखा पत्र – मंडी परिषद पर कड़ी कार्यवाही की मांग

 

 

ग्रामीणों ने पकड़कर पहुंचाया पुलिस चौकी

दूल्हे को भागता देख ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीण उसे पकड़कर बिंदुखत्ता पुलिस चौकी ले गए। यहां पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की काफी कोशिश की, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद चौकी प्रभारी गौरव जोशी दूल्हे को लालकुआं कोतवाली ले आए। देर रात तक दुल्हन पक्ष के लोग कोतवाली में जुटे रहे और दहेज मांगने व शादी से मुकरने के आरोप में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करते रहे।

 

 

दुल्हन पक्ष बोला- कर्ज लेकर की थी शादी की तैयारी

दुल्हन पक्ष की एक महिला ने बताया कि युवक और युवती के बीच करीब एक साल से बातचीत चल रही थी। युवक कई बार उनके घर भी आ चुका था। जयमाला की रस्म तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन एक फोन आने के बाद उसका व्यवहार अचानक बदल गया। महिला का आरोप है कि युवक कभी कार की मांग कर रहा था तो कभी दहेज पूरा नहीं मिलने की बात कह रहा था।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का मौका, UKPSC और UKSSSC ने निकाली भर्तियां, पढ़ें खबर

 

महिला ने बताया कि परिवार ने शादी की तैयारियों के लिए कर्ज और लोन लिया था। अब परिवार शादी में हुए खर्च की भरपाई चाहता है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अब अपनी बेटी की शादी इस युवक से नहीं करना चाहते।

 

 

पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई

लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दूल्हे को हिरासत में लिया गया है। लड़की पक्ष की ओर से दहेज मांगने के संबंध में तहरीर दी गई है। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि समझौता नहीं होता है तो तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।