असम की महिला की शिकायत पर पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के खिलाफ 17 धाराओं में FIR दर्ज

देहरादून न्यूज- उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। असम की एक महिला ने उन पर नाबालिग उम्र में दुष्कर्म, अपहरण, बंधक बनाने और यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर असम के गुवाहाटी स्थित पानबाजार महिला थाने में 17 धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में महिला ने अपने 23 वर्षीय बेटे के साथ हरक सिंह रावत का डीएनए परीक्षण कराने की भी मांग की है।
महिला का आरोप है कि वर्ष 2002-03 में जब वह महज 16 वर्ष की थी, उस दौरान हरक सिंह रावत उत्तराखंड सरकार में राजस्व मंत्री थे। महिला के मुताबिक, वह देहरादून की यमुना कॉलोनी बस स्टैंड के पास एक एसटीडी बूथ पर काम करती थी। इसी दौरान मंत्री के एक राजनीतिक कार्यकर्ता ने उसे उनके सरकारी आवास तक पहुंचाया।
डेढ़ से दो महीने तक बंधक रखने का आरोप
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि उसे मंत्री के सरकारी आवास पर करीब डेढ़ से दो महीने तक जबरन रखा गया। इस दौरान उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। महिला का दावा है कि उसे अलग-अलग होटलों में भी ले जाया गया, जिनमें राजपुर रोड स्थित होटल मधुबन भी शामिल है। उसने सरकारी आवास में भी यौन उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया है।
गर्भवती होने पर नारी निकेतन भेजने का दावा
महिला के अनुसार, कथित यौन उत्पीड़न के चलते वह गर्भवती हो गई थी। इसके बाद उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। महिला ने आरोप लगाया कि उसे बिना किसी वैध मजिस्ट्रेट के आदेश के नारी निकेतन अथवा सरकारी मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में भेज दिया गया, जहां उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ महिलाओं के बीच रखा गया। जून 2003 में उसने देहरादून के एक सरकारी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया।
पुराने मामले की जांच पर भी उठाए सवाल
महिला का दावा है कि वर्ष 2003 में भी इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था और सीबीआई ने जांच की थी, लेकिन वह हिंदी भाषा नहीं समझती थी। आरोप है कि उस समय असमिया अनुवादक की व्यवस्था किए बिना उससे हिंदी में तैयार बयान पर हस्ताक्षर करा लिए गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे उपलब्ध कराए गए अधिवक्ता ने भी उसका पक्ष सही तरीके से नहीं रखा।
महिला के मुताबिक, उसके नवजात बेटे का कभी डीएनए नमूना नहीं लिया गया और बाद में उसे बताया गया कि मामला बंद हो चुका है। उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों के माध्यम से उसे उत्तराखंड से बाहर भेज दिया गया और दोबारा नहीं लौटने की धमकी दी गई।
23 साल बाद फिर उठाई कार्रवाई की मांग
महिला ने अपनी शिकायत में वर्ष 2016 में हरक सिंह रावत के करीबी बताए गए योगेंद्र सिंह चौहान के संपर्क करने का भी जिक्र किया है। अब महिला ने पुलिस से खुद और अपने 23 वर्षीय बेटे के बयान असमिया अनुवादक की मौजूदगी में मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराने की मांग की है। इसके साथ ही उसने अपना और बेटे का ट्रिपल डीएनए परीक्षण कराने तथा वर्ष 2003 से जुड़े नारी निकेतन, अस्पताल और सीबीआई के रिकॉर्ड जब्त करने की मांग भी उठाई है।
17 धाराओं में मुकदमा, देहरादून स्थानांतरित हुई जीरो FIR
महिला की शिकायत पर पानबाजार महिला थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें दुष्कर्म, अपहरण, अवैध रूप से बंधक बनाने, धमकी देने, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र समेत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराएं शामिल की गई हैं। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत भी प्रावधान जोड़े गए हैं।
मामले में एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि असम में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद इसे देहरादून स्थानांतरित किया गया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच कराई जाएगी।










