Uncategorizedअंतरराष्ट्रीयदेश

युद्ध संकट के बीच PM मोदी की देशवासियों से 7 बड़ी अपीलें, बोले- “देश के लिए जीना भी देशभक्ति”

दुनियाभर में बढ़ते युद्ध संकट और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देशवासियों से आत्मनिर्भर भारत और मजबूत अर्थव्यवस्था के लिए 7 बड़े संकल्प लेने की अपील की है। रविवार को तेलंगाना के सिकंदराबाद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात का असर भारत पर भी पड़ रहा है और इससे निपटने के लिए हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद दुनिया सप्लाई चेन संकट से जूझ रही थी, तभी यूक्रेन युद्ध और अब पड़ोसी क्षेत्रों में जारी संघर्षों ने फूड, फ्यूल और फर्टिलाइजर की कीमतों को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि “देश के लिए सिर्फ मरना ही देशभक्ति नहीं है, बल्कि देश के लिए जीना और अपने कर्तव्यों को निभाना भी सच्ची देशभक्ति है।”

 

1- पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील
पीएम मोदी ने लोगों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सुविधा है, वहाँ लोग अधिक से अधिक मेट्रो का उपयोग करें। साथ ही कार पूलिंग अपनाने और सामान की ढुलाई के लिए रेलवे सेवाओं का उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को भी बढ़ावा देने की बात कही।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल- आज मिथुन, कर्क और कुंभ राशि वालो का चमकेगा भाग्य, जाने बाकी राशि वालो का हाल, पढ़ें दैनिक राशिफल

 

 

2- वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल मीटिंग्स को प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में विकसित हुई वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था को फिर से अपनाना चाहिए। उन्होंने ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस और वर्चुअल मीटिंग्स को प्राथमिकता देने की सलाह दी, ताकि ईंधन की बचत हो सके।

 

3- एक साल तक सोना नहीं खरीदने की सलाह
पीएम मोदी ने कहा कि सोने के आयात में देश की बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगले एक साल तक शादी या अन्य कार्यक्रमों में भी सोने के गहने खरीदने से बचें। उन्होंने कहा कि यह विदेशी मुद्रा बचाने की दिशा में बड़ा योगदान होगा।

यह भी पढ़ें 👉  5 लाख की सुपारी, 4 हत्यारे, और एक HR मैनेजर पत्नी - कैसे खत्म हुआ राजा रघुवंशी का जीवन?

 

4- खाने के तेल की खपत कम करने का आग्रह
प्रधानमंत्री ने कहा कि खाने के तेल के आयात पर भी देश को भारी विदेशी मुद्रा खर्च करनी पड़ती है। उन्होंने परिवारों से खाने में तेल का इस्तेमाल कम करने की अपील करते हुए कहा कि इससे “देश सेवा और देह सेवा” दोनों होंगी। उन्होंने कम से कम 10 प्रतिशत तेल की खपत घटाने की बात कही।

 

5- प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर
पीएम मोदी ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता घटाने और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि केमिकल फर्टिलाइजर न केवल विदेशी मुद्रा खर्च बढ़ाते हैं, बल्कि जमीन की उर्वरता भी खत्म कर रहे हैं। उन्होंने फर्टिलाइजर की खपत आधी करने का आह्वान किया।

 

6- स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील
प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र दोहराते हुए लोगों से विदेशी सामान की बजाय मेड इन इंडिया उत्पाद खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होने वाली विदेशी चीजों की पहचान कर उन्हें स्वदेशी विकल्पों से बदलना चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  सुसाइड का लाइव वीडियो, 7 मंजिला बिल्डिंग से कूदी लड़की, देखे वीडियो

 

 

7- एक साल तक विदेश यात्रा टालने की सलाह
पीएम मोदी ने गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मिडिल क्लास में विदेश घूमने का कल्चर तेजी से बढ़ा है, लेकिन मौजूदा संकट के दौर में कम से कम एक साल तक विदेश यात्रा टालनी चाहिए और भारत के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक संकटों के इस दौर में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर नागरिक को छोटे-छोटे बदलाव अपनाने होंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि विदेशी मुद्रा बचाना, स्वदेशी को अपनाना और संसाधनों का संयमित उपयोग ही आने वाले समय में देश को मजबूत बनाएगा।