हल्द्वानी में मानसिक दिव्यांग युवती के घर में घुसा ऑटो चालक, छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास में गिरफ्तार

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक मानसिक दिव्यांग युवती के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार हल्द्वानी के नवाबी रोड स्थित आनंदपुरी कॉलोनी में एक मानसिक दिव्यांग युवती अकेली रहती है। युवती के माता-पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है और उसका पालन-पोषण आसपास के लोग ही करते हैं। वह एक छोटे कच्चे मकान में रहती है। सुरक्षा के लिहाज से रात में बाहर से ताला लगा दिया जाता है और घर की खिड़की को ईंटों से बंद कर दिया जाता है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात करीब एक बजे एक टेंपो चालक खिड़की से ईंटें हटाकर घर के अंदर घुस गया। आरोप है कि आरोपी युवती के साथ छेड़छाड़ करने लगा और दुष्कर्म का प्रयास किया। किसी तरह इसकी जानकारी आसपास की महिलाओं को लगी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
मामले की सूचना मिलते ही हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ हल्द्वानी सुमित पांडे ने बताया कि आरोपी की पहचान करन आर्या पुत्र राम सिंह निवासी नया गांव, थाना कालाढूंगी, जिला नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त करन आर्या को जेल रोड स्थित शीशम बाग कॉलोनी के पास से घटना में प्रयुक्त ऑटो के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।








