हल्द्वानी में खड़गे के कार्यक्रम से पहले बवाल, SSP ऑफिस में घुसे कांग्रेस नेता; पुलिस से झड़प, कमरों की ली तलाशी

हल्द्वानी न्यूज़- कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम से पहले हल्द्वानी में सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खड़गे के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से हल्द्वानी आ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बसों को पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह रोका जा रहा है। इसको लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हल्द्वानी एसएसपी कार्यालय पहुंच गए।
एसएसपी कार्यालय पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते मामला हंगामे और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में पहुंचने से रोकने का आरोप लगाया।
SSP कार्यालय में घुसकर कमरों की तलाशी
मामला उस वक्त और गरमा गया जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कुछ नेता एसएसपी कार्यालय के अंदर पहुंच गए। वायरल वीडियो में कांग्रेस नेता कार्यालय के हॉल से होते हुए अंदर बने कमरों के दरवाजे खोलकर किसी व्यक्ति की तलाश करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में मौके पर मौजूद लोगों के बीच तीखी कहासुनी और गाली-गलौज भी सुनाई दे रही है। कुछ लोग एक व्यक्ति को बाहर निकालने और उसके साथ मारपीट करने की धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में “शुक्ला” और “बुलन शुक्ला” नाम भी पुकारा जा रहा है और उसकी तलाश किए जाने की बात सामने आती है।
पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच हुई झड़प
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी और कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं की भीड़ आमने-सामने दिखाई दे रही है। पुलिस अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार विरोध और नारेबाजी करते दिखते हैं। इस दौरान धक्का-मुक्की और तीखी बहस का माहौल बना रहा।
हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और उसमें लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
यशपाल आर्य ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर हल्द्वानी आ रही बसों को जगह-जगह रोका गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे कार्यकर्ताओं को रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।
यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन सरकार के एजेंट के रूप में काम कर रहा है और कांग्रेस के कार्यक्रम को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
गणेश गोदियाल भी हुए नाराज
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी के लोकतांत्रिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोकना उचित नहीं है।
एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद काफी देर तक हंगामे और विरोध का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
वायरल वीडियो से गरमाया मामला
पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कांग्रेस नेताओं और समर्थकों की भीड़ एसएसपी कार्यालय परिसर में दिखाई दे रही है। कुछ नेता कार्यालय के अंदर कमरों की तलाशी लेते नजर आ रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी स्थिति को संभालने का प्रयास करते दिखते हैं।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर हल्द्वानी का सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने जहां पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं पूरे मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी।







