उत्तराखण्डकुमाऊं,

दीपावली पर घर लौटने वालों को बड़ा झटका! निजी बसों का किराया सुनकर रह जाएंगे हैरान

हल्द्वानी न्यूज़- दीपावली पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ का निजी बस संचालक जमकर फायदा उठा रहे हैं। रोडवेज में वोल्वो और एसी बसों की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण यात्रियों की निर्भरता निजी बसों पर बढ़ गई है। इसका असर किराये पर भी देखने को मिला। दिल्ली से हल्द्वानी आने के लिए निजी बसों में यात्रियों को रोडवेज के मुकाबले कई गुना अधिक किराया चुकाना पड़ा। शनिवार को निजी बसों में एक सीट का किराया 2200 रुपये तक पहुंच गया, जबकि रविवार को एसी केबिन और शौचालय जैसी सुविधाओं वाली एक निजी बस में एक सीट का किराया 4999 रुपये तक रखा गया। हैरानी की बात यह है कि इतने महंगे किराये के बावजूद ऑनलाइन बुकिंग के जरिए सभी सीटें पहले ही बुक हो गईं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहाँ सात वोटों से मिली रोमांचक जीत: मनमोहन गडकोटी बने लाखनमंडी क्षेत्र पंचायत सदस्य

 

 

44 रोडवेज बसें हल्द्वानी से दिल्ली के लिए रवाना

हल्द्वानी समेत कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोग दिल्ली में रहते हैं। दीपावली पर घर लौटने के लिए यात्रियों की संख्या बढ़ने से शनिवार को हल्द्वानी और काठगोदाम डिपो की बसों में भी दबाव देखने को मिला। दिल्ली से आने वाली सवारियों की भीड़ को देखते हुए शनिवार सुबह से देर रात तक दोनों डिपो की 44 बसें हल्द्वानी से रवाना की गईं। वापसी में पर्याप्त यात्री मिलने की उम्मीद में कम सवारियां होने के बावजूद बसों का संचालन किया गया।

 

 

वहीं, ऑनलाइन बुकिंग एप पर निजी बसों की स्थिति देखने पर पता चला कि शनिवार को दिल्ली से हल्द्वानी के लिए करीब 65 बसों में सीटों की बुकिंग हुई थी। रविवार यानी दीपावली के दिन भी सुबह और दोपहर के समय कई निजी बसों का संचालन किया जाना है। इनमें अधिकांश बसों का किराया 1500 से 2200 रुपये के बीच दिखाई दिया। हालांकि, एसी केबिन और शौचालय की सुविधा वाली एक बस में एक सीट का किराया 4999 रुपये तक पहुंच गया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- गोलापार चोरगलिया सीट से लीला बिष्ट की बड़ी जीत, अनीता बेलवाल को भारी मतों से हराया

 

 

टनकपुर और बरेली रूट पर भेजनी पड़ीं 15 बसें

एआरएम संजय पांडे के अनुसार, हल्द्वानी स्टेशन पर टनकपुर और बरेली जाने वाले यात्रियों की संख्या भी काफी अधिक रही। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दोनों डिपो की 15 बसें इन रूटों पर भेजनी पड़ीं। इस बीच टनकपुर रूट की एक बस में सफर कर रही महिला यात्री का बैग गायब होने का मामला भी सामने आया। बनबसा पहुंचने पर बैग गायब होने की जानकारी मिली, जिसके बाद महिला के स्वजन स्टेशन पहुंच गए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: महिला पुलिसकर्मियों के लिए धामी सरकार का बड़ा फैसला, 526 से बढ़कर 2000 होंगे महिला आरक्षियों के पद

 

 

सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दौरान स्वजनों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि रोडवेज बस की डिग्गी से यात्री का सामान गायब होना परिवहन निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

 

 

ज्यादा किराया वसूली पर कर सकते हैं शिकायत

आरटीओ प्रवर्तन अरविंद पांडे ने कहा कि यदि किसी यात्री को लगता है कि उससे निर्धारित किराये से अधिक वसूली की गई है तो वह विभाग में शिकायत कर सकता है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।