उत्तराखण्डकुमाऊं,

हल्द्वानी तहसील में बड़ा प्रशासनिक खुलासा, न्यायालयीन फाइलों पर प्राइवेट लोगों की पब्लिक डीलिंग, तीन सप्ताह में जाँच के आदेश

हल्द्वानी न्यूज़-  तहसीलदार/नायब तहसीलदार न्यायालय, हल्द्वानी में प्रशासनिक और न्यायिक व्यवस्था की गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। दिनांक 29 दिसंबर 2025 को पूर्वाह्न निरीक्षण के दौरान तहसील न्यायालय से संबद्ध भू-राजस्व अभिलेखों के कक्ष में दो निजी व्यक्ति मौजूद पाए गए, जो न्यायालयीन फाइलों पर आम नागरिकों से पब्लिक डीलिंग करते हुए संबंधित कक्ष पर कब्जा जमाए हुए थे।

 

हैरान करने वाली बात यह रही कि मौके पर कोई भी अधिकृत सरकारी कर्मचारी उपस्थित नहीं था, जबकि न्यायालय से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेख अनधिकृत व्यक्तियों की पहुंच में पाए गए। यह स्थिति न्यायालयीन प्रक्रिया में बाहरी हस्तक्षेप, सरकारी अभिलेखों की सुरक्षा में गंभीर चूक तथा प्रशासनिक लापरवाही की ओर स्पष्ट संकेत करती है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्दुचौड में कल होगा 7 दिवसीय उत्तरायणी मेले का उद्घाटन- दिनेश पांडे

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०), नैनीताल को इस प्रकरण की विस्तृत, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच के निर्देश दिए गए हैं। जाँच के दौरान निजी व्यक्तियों की पहचान, उनकी पृष्ठभूमि, न्यायालय में मौजूदगी का आधार, किन फाइलों पर डीलिंग की गई, अभिलेखों तक उनकी पहुंच कैसे हुई तथा उस समय संबंधित सरकारी अधिकारियों/कर्मचारियों की अनुपस्थिति जैसे बिंदुओं की गहन जांच की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में फिर अतिक्रमण पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर, तोड़ी गईं 12 दुकानें, SDM की अगुवाई में हुई कार्यवाही

 

इसके साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि क्या किसी अधिकारी या कर्मचारी ने प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें कार्य करने की अनुमति दी थी और क्या इस अनधिकृत डीलिंग से किसी पक्ष को अनुचित लाभ या किसी अन्य को नुकसान पहुंचा है। सरकारी अभिलेखों की गोपनीयता और न्यायालय की मर्यादा के उल्लंघन के तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- चैंपियन को जेल तो MLA उमेश कुमार को मिली जमानत, चैंपियन के हथियार लाइसेंस रद्द

 

जांच के दौरान आवश्यक होने पर संबंधित अभिलेखों को सुरक्षित रखने, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। यदि प्रथम दृष्टया कोई आपराधिक कृत्य सामने आता है तो उसका स्पष्ट उल्लेख जांच रिपोर्ट में किया जाएगा।

 

अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि तीन सप्ताह के भीतर जांच प्रतिवेदन सक्षम प्राधिकारी को प्रस्तुत किया जाए, ताकि दोषियों के विरुद्ध दंडात्मक, विभागीय अथवा आपराधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।