(बड़ी खबर) देहरादून में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: खंड शिक्षा अधिकारी और स्कूल संचालिका 1 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

देहरादून न्यूज़– सतर्कता सैक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने भ्रष्टाचार के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उपशिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला धनवीर सिंह बिष्ट और एक महिला को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना सतर्कता सैक्टर देहरादून में मु0अ0सं0-7/2026 के तहत धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी धनवीर सिंह बिष्ट, पुत्र गिन्दू सिंह, वर्तमान में डोईवाला में उपशिक्षा अधिकारी और प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर तैनात हैं।
इस मामले में दूसरी आरोपी पुष्पांजलि, पत्नी पंकज शर्मा, निवासी लेन नंबर-5, डालनवाला देहरादून है, जो ऋषिकेश स्थित उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल, गुमानीवाला की संचालिका बताई जा रही है।
शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता से ऋषिकेश के गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल में शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत पढ़ रहे छात्रों की प्रतिपूर्ति (रिइम्बर्समेंट) बिल पास कराने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत की सत्यता जांचने के बाद सतर्कता टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत दोनों आरोपियों को रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल, दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।








