उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

चुनाव 2027 से पहले भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, धामी सरकार ने जारी किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड

देहरादून न्यूज- उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनावी मैदान में उतरने से पहले सत्ताधारी भाजपा ने धामी सरकार के पांच साल के कामकाज और उपलब्धियों को जनता के सामने रखने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों और योजनाओं का ब्योरा प्रस्तुत किया। रिपोर्ट कार्ड के जरिए सरकार ने रोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियां गिनाईं।

 

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2022 में जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए लगातार काम किया है। उन्होंने दावा किया कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के लाखों लोगों तक पहुंचा है। सरकार ने युवाओं को रोजगार देने और भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

 

 

36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी, नकल माफिया पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक करीब 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। भर्ती परीक्षाओं में नकल और धांधली रोकने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। संगठित तरीके से नकल कराने जैसे गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  मदरसन कंपनी की कर्मचारी की संदिग्ध मौत, परिवार बोला— ‘समय पर इलाज मिलता तो बच जाती बेटी’

 

 

युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद देने के लिए मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना शुरू की गई है। इसके तहत करीब 11 हजार अभ्यर्थियों को घर बैठे निशुल्क कोचिंग देने की बात कही गई। योजना के लिए पांच करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, जर्मन और जापानी भाषा का प्रशिक्षण देकर युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इसके तहत 106 युवाओं को विदेश में नौकरी मिलने का दावा किया गया।

 

 

 

2 हजार स्टार्टअप, विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में करीब दो हजार स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं। नए उद्यम शुरू करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड बनाया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में वरदान छात्रवृत्ति योजना से 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाने की जानकारी दी गई।

 

 

 

इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा छात्रवृत्ति योजना के तहत 12वीं पास 140 विद्यार्थियों को दो-दो लाख रुपये की छात्रवृत्ति देने और विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराने की योजना का भी उल्लेख किया गया।

 

 

 

3.5 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

रिपोर्ट कार्ड में महिला सशक्तिकरण को प्रमुख स्थान दिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 3.5 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि करीब पांच लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। इन समूहों को स्वरोजगार के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ निर्माणाधीन बिल्डिंग के आठवें फ्लोर से गिरकर नामी बिल्डर की मौत, सुसाइड नोट ने खोला सच, पुलिस जांच में जुटी

 

 

सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों की प्रबंध समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। वहीं, हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का कारोबार 6.5 करोड़ रुपये से अधिक पहुंचने की जानकारी दी गई।

 

 

मुख्यमंत्री ने बैणी-भुली योजना के तहत करीब 5.5 लाख महिलाओं को लाभ पहुंचाने के प्रस्ताव और एकल महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए शुरू की गई योजना का भी जिक्र किया। इसमें सरकार की ओर से 75 प्रतिशत तक सहायता देने की व्यवस्था बताई गई।

 

 

10 लाख से अधिक लोगों को मिल रही पेंशन

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 10 लाख से अधिक लोगों को हर महीने 1,500 रुपये की पेंशन दी जा रही है। पात्र पति-पत्नी दोनों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ देने की व्यवस्था भी की गई है।

 

 

अंत्योदय परिवारों को साल में तीन मुफ्त गैस सिलेंडर देने, उज्ज्वला योजना के तहत पांच लाख से अधिक गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने और सात लाख से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन देने की जानकारी दी गई। वहीं, आवास योजनाओं के तहत एक लाख से अधिक परिवारों को घर उपलब्ध कराने का दावा किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  (लोकसभा चुनाव अपडेट) कांग्रेस ने जारी की प्रत्याशियों की लिस्ट, जाने किस कहां से बनाया उम्मीदवार

 

 

पलायन रोकने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने पलायन रोकने के प्रयासों का जिक्र करते हुए बताया कि पलायन निवारण योजना के तहत छह हजार से अधिक लोग अपने गांव लौटे हैं। उन्होंने रिवर्स पलायन की दर में 44 प्रतिशत वृद्धि का दावा भी किया।

 

 

पीएम स्वनिधि योजना के तहत 33 हजार से अधिक रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को ऋण उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा कोरोना काल में प्रभावित क्षेत्रों को राहत देने के लिए पर्यटन, परिवहन और संस्कृति क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य क्षेत्र में 205 करोड़ रुपये तथा स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार के लिए 118 करोड़ रुपये के राहत पैकेज का उल्लेख किया गया।

 

 

चुनाव से पहले जनता के बीच पहुंचेगी सरकार की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता के समर्थन से जीत हासिल करेगी।

 

 

कुल मिलाकर, विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने सरकार के रिपोर्ट कार्ड के जरिए अपनी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति तेज कर दी है। अब देखना होगा कि सरकार के इन दावों को जनता आगामी चुनाव में किस तरह से स्वीकार करती है।