उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2027: फरवरी के दूसरे सप्ताह से शुरू हो सकते हैं हाईस्कूल-इंटर के एग्जाम, 2.08 लाख विद्यार्थी होंगे शामिल

उत्तराखंड में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी के दूसरे सप्ताह से शुरू हो सकती हैं। आगामी विधानसभा चुनाव और कुंभ मेले को देखते हुए परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने परीक्षाओं का प्रस्तावित कार्यक्रम शासन को भेज दिया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद विषयवार परीक्षा कार्यक्रम जारी किया जाएगा।

 

 

इस बार प्रदेशभर में बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 1,270 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 2,08,424 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए 146 संवेदनशील और पांच अतिसंवेदनशील केंद्र भी चिह्नित किए गए हैं।

 

 

 

फरवरी के दूसरे सप्ताह से शुरू हो सकती हैं परीक्षाएं

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- ऑपरेशन मर्यादा के तहत भीमताल पुलिस ने नदी में नहाते हुए हुडदंग मचा रहे 15 लोगों के खिलाफ़ की कार्यवाही

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर के सभापति एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टी और परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल ने बताया कि वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं का प्रस्तावित कार्यक्रम शासन को भेजा गया है। विधानसभा चुनाव और कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की तिथियां तय की जा रही हैं। शासन की स्वीकृति मिलते ही विषयवार परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा।

 

 

 

1,270 केंद्रों पर बैठेंगे 2.08 लाख परीक्षार्थी

इस वर्ष हाईस्कूल में 1,09,282 और इंटरमीडिएट में 99,142 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इस तरह कुल 2,08,424 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए प्रदेश में 1,270 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 49 एकल और 1,221 मिश्रित परीक्षा केंद्र शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- रुद्रपुर कलेक्ट्रेट में जिला योजना की बैठक लेते जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी

 

 

टिहरी में सबसे अधिक, चंपावत में सबसे कम केंद्र

जनपदवार आंकड़ों के अनुसार टिहरी जिले में सबसे अधिक 136 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जबकि चंपावत में सबसे कम 45 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षार्थियों की संख्या के मामले में हरिद्वार जिला सबसे आगे है। यहां 48,320 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। वहीं चंपावत में सबसे कम 3,277 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।

 

 

151 परीक्षा केंद्र संवेदनशील और अतिसंवेदनशील

बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रदेशभर में 146 संवेदनशील और पांच अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली के तहत 15 नए परीक्षा केंद्रों को भी मंजूरी दी गई है। परिषद ने सभी केंद्रों पर आवश्यक भौतिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- आज धनतेरस के दिन बाजार में रहेगी भीड़, रूट प्लान देखकर ही निकलें घर से, पढ़े पूरी खबर

 

 

 

जनवरी और फरवरी में होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं

लिखित परीक्षाओं से पहले प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए भी कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। ग्रीष्मकालीन अवकाश वाले विद्यालयों में 15 से 31 जनवरी तक, जबकि शीतकालीन अवकाश वाले विद्यालयों में 1 से 15 फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी।

 

 

परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने को कहा गया है। अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी कर इसकी रिपोर्ट परिषद कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं।