उत्तराखण्डकुमाऊं,

SBI में 4 साल में 20,278 करोड़ रुपये लावारिस जमा, RTI में हुआ बड़ा खुलासा

हल्द्वानी न्यूज- देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में लावारिस जमा रकम को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। सूचना का अधिकार (RTI) के तहत मिली जानकारी के मुताबिक, SBI ने पिछले चार वित्तीय वर्षों में कुल 20,278.91 करोड़ रुपये की ऐसी जमा राशि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के डिपॉजिटर एजुकेशन एंड अवेयरनेस (DEA) फंड में ट्रांसफर की है, जिस पर लंबे समय से किसी खाताधारक या उसके वैध उत्तराधिकारी ने दावा नहीं किया था।

 

 

यह जानकारी हल्द्वानी के RTI कार्यकर्ता हेमंत सिंह गौनिया की ओर से मांगी गई सूचना के जवाब में सामने आई है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022-23 से 2025-26 के बीच हर साल हजारों करोड़ रुपये की रकम इस फंड में स्थानांतरित की गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ अनियंत्रित होकर यूटिलिटी खाई में गिरा, एक की मौत, दो घायल

 

 

चार साल में इस तरह ट्रांसफर हुई रकम

RTI से मिली जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2022-23 में 6,970.27 करोड़ रुपये, 2023-24 में 6,038.86 करोड़ रुपये, 2024-25 में 4,622.59 करोड़ रुपये और 2025-26 में 2,647.19 करोड़ रुपये RBI के DEA फंड में ट्रांसफर किए गए। इस तरह चार वर्षों में कुल 20,278.91 करोड़ रुपये की राशि इस फंड में पहुंची।

 

 

10 साल तक लेनदेन नहीं होने पर फंड में जाती है रकम

नियमों के मुताबिक, किसी बैंक खाते में लगातार 10 साल या उससे अधिक समय तक कोई लेनदेन नहीं होने पर उसे निष्क्रिय जमा की श्रेणी में रखा जाता है। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऐसी जमा राशि RBI के DEA फंड में स्थानांतरित कर दी जाती है। इस व्यवस्था का उद्देश्य लावारिस जमा राशि का प्रबंधन करना और जमाकर्ताओं के बीच वित्तीय जागरूकता बढ़ाना है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में पुलिस का बड़ा एक्शन, 251 वाहनों के चालान और 10 सीज; 7 DL होंगे निरस्त

 

 

फंड में जाने के बाद भी खाताधारक का अधिकार बरकरार

बैंक खाते की रकम RBI के DEA फंड में स्थानांतरित होने का मतलब यह नहीं है कि खाताधारक या उसके परिवार का उस पर अधिकार समाप्त हो गया। खाताधारक अथवा उसके कानूनी उत्तराधिकारी जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित बैंक में दावा कर सकते हैं। बैंक की ओर से दस्तावेजों और दावे का सत्यापन करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरी रकम लौटाई जाती है।

 

 

दावों के आधार पर 5,216 करोड़ रुपये लौटाए

RTI के जवाब में एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। इसी चार साल की अवधि में दावेदारों के दावों के आधार पर 5,216.15 करोड़ रुपये की रकम वापस भी की गई। इससे स्पष्ट है कि लावारिस जमा राशि पर खाताधारक या उनके कानूनी वारिस निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना दावा कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- शिक्षा विभाग में पड़े 1400 खाली पदों पर होगी सीधी भर्ती विभाग ने करी पूरी तैयारी, पढ़ें पूरी खबर

 

 

खाताधारकों के लिए जरूरी है यह सावधानी

इस खुलासे ने एक बार फिर बैंक खातों को लंबे समय तक निष्क्रिय छोड़ने और परिवार के सदस्यों को उनकी जानकारी नहीं होने के मुद्दे को चर्चा में ला दिया है। खाताधारकों को अपने बैंक खातों की नियमित जानकारी रखनी चाहिए। वहीं, परिवार में किसी खाताधारक की मृत्यु होने पर उसके परिजनों को बैंक खातों, जमा राशि और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी अवश्य देनी चाहिए, ताकि वर्षों तक जमा रहने वाली रकम पर सही व्यक्ति अपना दावा कर सके।