भाजपा ने नैनीताल जिले में मंडल सोशल मीडिया संयोजकों की घोषणा

नैनीताल न्यूज़- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को जिला नैनीताल के विभिन्न मंडलों के लिए सोशल मीडिया संयोजकों की घोषणा कर संगठन की डिजिटल टीम को और मजबूत किया है। जिला सोशल मीडिया संयोजक रत्नेश साह ने नई नियुक्तियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रियंशु कुमार को नैनीताल नगर, हितेश बिष्ट को नैनीताल ग्रामीण, नीतीश शर्मा को भवाली, राहुल तिवारी को गरमपानी और दीपक रिखाड़ी को बेतालघाट मंडल का सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है।
इसके अलावा महेंद्र रस्तोगी को कोटाबाग, भगवान चौहान को लामाचौड़, अमित कुमार को मालधनचौड़ तथा नरेंद्र बहुगुणा को बिठौरिया मंडल का सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को संगठन की नीतियों और जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक भारत सिंह मेहरा ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम संगठन और आम जनता के बीच संवाद का सबसे प्रभावी साधन बन चुका है। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर पर सोशल मीडिया टीमों को सक्रिय कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा संगठन की गतिविधियों की जानकारी तेजी से लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
विधानसभा सोशल मीडिया सह-संयोजक नीरज रावत ने कहा कि नई टीम समन्वय के साथ कार्य करते हुए बूथ स्तर तक डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करेगी और संगठन की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाएगी। पार्टी ने सभी नव-नियुक्त सोशल मीडिया संयोजकों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई है।








