पौड़ी में 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे में पंखे से लटका मिला शव; एक साल पहले हुई थी शादी

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के कमरे में पंखे से चुन्नी के सहारे लटका मिला। उसकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी, जबकि उसका पति सेना में जवान है। घटना के समय घर में महिला के साथ उसकी सास रहती थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल पौड़ी भेज दिया। मामले में नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
चार पॉइंट में जानिए पूरा मामला
1. एक साल पहले हुई थी शादी, पति सेना में तैनात
मामला पाबौ चौकी क्षेत्र के पिनानी गांव का है। यहां रहने वाली 21 वर्षीय साक्षी की शादी करीब एक साल पहले सुमित सिंह से हुई थी। सुमित भारतीय सेना में कार्यरत है और जानकारी के अनुसार, करीब एक महीने पहले छुट्टी लेकर गांव आया था। घर पर साक्षी के साथ उसकी सास रहती थी। बताया जा रहा है कि साक्षी की अपने पति से फोन पर बातचीत होती रहती थी।
2. कमरे में पंखे से लटका मिला विवाहिता का शव
जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर को साक्षी ने अपने कमरे में चुन्नी के सहारे फंदा लगा लिया। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे में पंखे से लटके शव को नीचे उतारा और अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि महिला पिछले कुछ दिनों से परेशान थी। हालांकि, उसकी परेशानी की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
3. पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद विवाहिता के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी भेज दिया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
4. शादी को सात साल से कम, मजिस्ट्रेटी प्रक्रिया जारी
विवाहिता की शादी को अभी सात साल भी पूरे नहीं हुए थे। ऐसे में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरने की प्रक्रिया की जा रही है। महिला का मायका सतपुली क्षेत्र में है।
फिलहाल विवाहिता की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।










