उत्तराखण्डगढ़वाल,

(ब्रेकिंग) हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद बाइक में लगी आग, दो युवक जिंदा जले

बहादराबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव के पास देर रात हादसा, टक्कर के बाद बाइक बनी आग का गोला, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी

हरिद्वार जनपद के बहादराबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई, जिससे उस पर सवार दोनों युवक आग की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीपुर निवासी राहुल (पुत्र रामवीर) और राजकमल (पुत्र राजेंद्र कुमार) एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव से कुछ दूरी पहले ही किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ झोलाछाप के क्लीनिक पर प्रसव के दौरान महिला की मौत, क्लीनिक संचालक सहित स्टाफ मौके से हुआ फरार

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें तुरंत आग लग गई। आग की लपटों में घिरने और गंभीर चोटों के चलते दोनों युवक खुद को बचा नहीं सके और मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी के निजी अस्पताल पर अमानवीयता का आरोप, इलाज के दो घंटे में महिला की मौत, बिल न चुकाने पर शव रोका, पुलिस हस्तक्षेप से सौंपा गया शव

 

 

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह जलती हुई बाइक से दोनों युवकों के शवों को अलग किया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बन गया है।

 

सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआँ- प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लालकुआं और हल्दूचौड़ के झोला छाप क्लिनिको में की छापेमारी, 6 किए सीज

 

पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे अलीपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।